बिहार : महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा एलान, तेजस्वी होंगे CM उम्मीदवार और सहनी समेत 2 डिप्टी सीएम बनेंगे

“बिहार महागठबंधन में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने पर सहमति बन गई है। आज महागठबंधन के नेताओं की मौजूदगी में चल रही प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सीएम और डिप्टी सीएम फेस का एलान किया”

पटना 23 / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनावों के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, “हम सभी ने तय किया है कि इस चुनाव में अगले मुख्यमंत्री के लिए तेजस्वी यादव के नाम का समर्थन करते हैं।” VIP प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन का उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया।

गहलोत ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को देश के हित में एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लंबे समय तक सत्ता में रहे, लेकिन राज्य के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। गहलोत ने कहा, “हमारे नेता तेजस्वी हैं, लेकिन अमित शाह से पूछना चाहता हूं, “आपके नेता कौन हैं?”

उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर विपक्ष मिलकर लड़े तो बड़ी जीत संभव है। साथ ही, तेजस्वी यादव के नेतृत्व और मुकेश सहनी के सहयोग की तारीफ की।

इसके साथ ही, सीट बंटवारे पर मतभेद भी अब करीब-करीब खत्म हो गए हैं” महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि आज INDIA गठबंधन एकजुट होकर मीडिया के सामने मौजूद है।

INDIA गठबंधन की मजबूती की नींव उसी दिन रखी गई थी जब राहुल गांधी ने मतदाता अधिकार यात्रा के तहत INDIA गठबंधन के सभी सदस्यों के साथ SIR और जनहित के मुद्दों पर लगभग 17 महीने गठबंधन को मजबूत करने के लिए काम किया था।

महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह हमारी पार्टी को तोड़ा, हमारे विधायक को खरीदा उस समय से हमने संकल्प लिया था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं…वो समय आ चुका है।

हम मजबूती के साथ महागठबंधन के साथ रहकर बिहार में सरकार बनाएंगे और भाजपा को बिहार से बाहर करेंगे। महागठबंधन मजबूत और एकजुट है।