बद्दी/सोलन – सड़कों पर बढ़ रहा अतिक्रमण, बना भारी परेशानी का सबब
“औद्योगिक क्षेत्र बद्दी की सड़कों पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानी आ रही है। सड़क तक रेहड़ी-फड़ी सजा लेने से अतिक्रमण हो रहा है। लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है”
बद्दी 21 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
ऐसे में दिन प्रतिदिन सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं। इसे लेकर व्यापार मंडल के संरक्षक एवं अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राजेश जिंदल ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष बात को रखा, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्र को रेहड़ी-फड़ी वाला बाजार बना डाला है। कहीं पर भी इस मुद्दे को लेकर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
शहर का स्वरूप दिन प्रतिदिन बिगड़ता जा रहा है और हैरानी की बात यह है कि विपक्ष पार्टी भी इस मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं है। आम आदमी अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
दुकानदार हर प्रकार से टैक्स आदि दे रहा है, फिर भी इन पर किसी भी तरह की तुरंत कार्रवाई कर दी जाती है। दूसरी ओर रेहड़ी-फड़ी वाले हैं जो बिना किसी डर के सड़क किनारे बैठ जाते हैं।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रणवीर वर्मा ने कहा त्योहारों के चलते कुछ लोगों ने सड़क किनारे अतिक्रमण किया है उन पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।











