बद्दी/सोलन – औद्योगिक कम्पनियो में कामगारों की सुरक्षा राम भरोसे
“औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में लगातार हो रही दुर्घटना में सुरक्षा के अभाव में कामगार अपनी जान गंवा रहे हैं। सुरक्षा के इंतजाम को लेकर उद्योगपति सतर्क नहीं है। एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। जिसमें पांच कामगार अपनी जान गंवा चुके हैं”
बद्दी/सोलन 21 /10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में लगातार हो रही दुर्घटनाओ से उद्योगपति सबक नहीं ले रहे है। कामगारों की सुरक्षा राम भरोसे ही चल रही है।
अभी एक सप्ताह पूर्व औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में उद्योग की दीवार गिरने से दो महिला कामगार दब जाने से उनकी मौते हो गई थी। शुक्रवार को बद्दी के काठा में एक काॅस्मेटिक उद्योग में एक कामगार की टेबलेट सेक्शन में ड्यूटी के दौरान आग लगने से मौत हो गई थी।
अब इस घटना को दो दिन भी नहीं हुए थे कि अब तीसरी घटना पलासड़ा में हो गई और यहां पर दो कामगार अपने जीवन से हाथ धो बैठे। देश के विभिन्न हिस्सों से बीबीएन में बेरोजगार लोग काम करने आते हैं।
लेकिन यहां उद्योगपति सुरक्षा प्रबंध मुहैया कराने में नाकाम रहे हैं। विदित रहे कि फरवरी माह में औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी की परफ्यूम कंपनी में आग से आठ लोगों की मौत के बाद सरकार ने औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में एक कमेटी का गठन करने की घोषणा की थी जो बीबीएन के उद्योगों को सुरक्षा प्रबंधनों का जायजा लेगी।
लेकिन न तो कोई कमेटी गठित हुई और न ही आग से बचने के लिए कामगार को उद्योगों में कोई सुरक्षा के इंतजाम हो रहे हैं। जिससे कामगार अपना जीवन दाूव पर लगा कर ड्यूटी कर रहे हैं।











