बद्दी – ट्रैफिक लाइट्स के पास बस ने बाइक सवार को रौंदा, हुई मौत

“औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत ट्रैफिक लाइट्स के पास निजी बस ने एक बाइक चालक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बाइक चालक अचानक अनियंत्रित हो कर सडक़ पर गिर गया और इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी बस का टायर उस पर चढ़ गया”

स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि बस चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत ट्रैफिक लाइट्स चौक के पास रविवार को एक बाइक चालक अचानक गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस का टायर चालक के ऊपर चढ़ गया।

बाइक चालक को गंभीर हालत में नालागढ़ अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने निशु निवासी सोलन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल का दौरा किया और घटना के कारणों की छानबीन शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि यह हादसा बस चालक द्वारा बस को तेज रफ्तारी और लापरवाही से चलाने के कारण हुआ है, जिस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।