असम: हिमंत बिस्वा सरमा बने CM, 4 अन्य मंत्रियों ने ली शपथ
असम में फिर ‘हिमंत राज’: लगातार दूसरी बार CM बने हिमंत बिस्वा सरमा, रामेश्वर तेली और अजंता नियोग समेत 4 दिग्गजों ने भी ली मंत्री पद की शपथ”
दिसपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
असम विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रचंड जीत के बाद राज्य में लगातार दूसरी बार भाजपा नीत सरकार का गठन हो गया है।
दिग्गज नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने आज एक भव्य समारोह में दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ कैबिनेट के 4 अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली।
इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई शीर्ष नेता, केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री विशेष रूप से मौजूद रहे।
इन 4 कद्दावर नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के साथ-साथ सहयोगी दलों (AGP और BPF) के नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है:
-
रामेश्वर तेली: भाजपा के वरिष्ठ नेता और मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे।
-
अजंता नियोग: पिछली सरकार में वित्त मंत्री और पार्टी का प्रमुख महिला चेहरा।
-
अतुल बोरा: सहयोगी असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष और पिछली दोनों सरकारों में मंत्री।
-
चरण बोरो: सहयोगी बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री।
जानिए कौन हैं CM हिमंत बिस्वा सरमा?
हिमंत बिस्वा सरमा असम के राजनीतिक इतिहास में लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं।
-
राजनीतिक सफर: उन्होंने अपनी राजनीति की शुरुआत कांग्रेस से की थी। 2001 में पहली बार विधायक और 2002 में मंत्री बने।
-
2015 में वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और पूरे नॉर्थ-ईस्ट में भाजपा के विस्तार में ‘चाणक्य’ की भूमिका निभाई।
-
चुनावी रिकॉर्ड: 10 मई 2021 को वे पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। इस बार उन्होंने अपनी पारंपरिक जलुकबारी सीट से लगातार छठी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की बिदिशा नियोग को भारी अंतर (89,434 वोट) से शिकस्त दी।
नए मंत्रियों का प्रोफाइल और सियासी कद
रामेश्वर तेली (भाजपा)
-
असम के चाय बागान समुदाय से आते हैं और राज्य के बड़े आदिवासी (जनजातीय) नेताओं में गिने जाते हैं।
-
डुलियाजन विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं, जहां से वे 2001 से 2011 तक भी विधायक रह चुके हैं।
-
2014 में डिब्रूगढ़ से लोकसभा चुनाव जीता और मोदी सरकार में राज्य मंत्री रहे। 2024 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।
अजंता नियोग (भाजपा)
-
हिमंत सरकार का सबसे प्रमुख महिला चेहरा। गोलाघाट सीट से लगातार छठी बार विधायक चुनी गई हैं।
-
असम के इतिहास की पहली महिला वित्त मंत्री (2021 से) और सबसे लंबे समय तक महिला विधायक रहने का रिकॉर्ड उनके नाम है।
-
तरुण गोगोई की कांग्रेस सरकार में भी मंत्री रह चुकी हैं। 29 दिसंबर 2020 को वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं।
अतुल बोरा (AGP)
-
भाजपा के प्रमुख सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष हैं।
-
बोकाखाट विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। इससे पहले 1996 में गोलाघाट से विधायक बने थे।
-
ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) के अध्यक्ष रह चुके हैं और भाजपा 1.0 व 2.0 दोनों सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे हैं।
चरण बोरो (BPF)
-
सहयोगी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के प्रमुख नेता हैं।
-
उदलगुरी जिले की माजबात विधानसभा सीट से शानदार जीत हासिल की है।
-
हिमंत सरकार के पहले कार्यकाल (1.0) में परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा और BPF के बीच डील के बाद पिछले साल अक्टूबर में भी उन्हें मंत्री बनाया गया था।











