ब्रैकिंग न्यूज़ – दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी आतिशी, विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

“फाइल फोटो ”

“दिल्ली की सियासत से जुड़ी इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। विधायक दल की बैठक में आतिशी को नेता चुन लिया गया है। यानी दिल्ली की नई सीएम अब आतिशी होंगी। केजरीवाल ने विधायक दल की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा था”

नई दिल्ली 17 / 09 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

आपको बता दें कि विधायक दल की बैठक से पहले ही 2 नाम सीएम पद की रेस में थे। जिसमें पहला नाम आतिशी और दूसरा नाम कैलाश गहलोत का था।

बैठक से पहले ही आप नेता सौरभ भारद्वाज ने बड़ा बयान देते हुए साफ कर दिया था कि केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता को सीएम नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा था कि सुनीता केजरीवाल सीएम बनने की इच्छुक नहीं हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी किसी ऐसे नेता को सीएम बनाना चाहती थी, जो सिस्टम और काम के बारे में जानता हो और उसे काम करने का अनुभव भी हो। ऐसे में सीनियर आप नेता मनीष सिसोदिया ने आतिशी के नाम पर जोर दिया था।

राजनीति में आने से पहले टीचर थीं आतिशी

आतिशी की गिनती आम आदमी पार्टी के सबसे पढ़े-लिखे नेताओं में होती है। वह राजनीति में आने से पहले टीचर थीं और उन्होंने ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई की है।

अरविंद केजरीवाल जब जेल में थे, तब आतिशी काफी मुखर होकर सामने आई थीं और मीडिया के सामने भी पार्टी का स्टैंड वह बड़ी मजबूती के साथ रखती थीं। 

दिल्ली की तीसरी महिला सीएम होंगी आतिशी 

आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला सीएम होंगी। उनसे पहले शीला दीक्षित साल 1998 से लेकर 2013 तक दिल्ली की सीएम रही थीं।

शीला दीक्षित से पहले सुषमा स्वराज साल 1998 में दिल्ली की सीएम बनी थीं। सुषमा स्वराज के रूप में दिल्ली को पहली महिला सीएम मिली थीं। हालांकि वह इस पद पर केवल 52 दिनों के लिए रही थीं।

दरअसल प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को इस्तीफा देना पड़ा था।

इस दौरान सुषमा स्वराज को सीएम बनाया गया था। इसके बाद हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी हार गई थी और फिर कांग्रेस से शीला दीक्षित दिल्ली की सीएम बनी थीं।

टीचर की जॉब से दिल्ली की मुख्यमंत्री तक, जानें आतिशी का सियासी सफर 

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो गया है। आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी को पार्टी ने विधायक दल का नेता चुना है। आज मंगलवार को हुई विधायक दल की बैठक में आतिशी का नए सीएम के रूप में चुनाव गया है। 

ऑक्सफोर्ड से हासिल की डिग्री 

आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के प्रोफेसर विजय सिंह और त्रिप्ता वाही के घर हुआ था। आतिशी ने स्कूली शिक्षा दिल्ली के पूसा रोड के स्प्रिंगडेल स्कूल से की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के ही सेंट स्टीफंस कॉलेज में हिस्ट्री में बीए किया।

आतिशी ने प्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से शेवनिंग स्कॉलरशिप पर मास्टर की डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से दोबारा डिग्री हासिल की। 

टीचर थीं आतिशी

आतिशी ने आम आदमी पार्टी को ज्वाइन करने से पहले मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में 7 साल तक काम किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजनीति में आने से पहले आतिशी ने कुछ समय आंध्र प्रदेश के ऋषि वैली स्कूल में इतिहास और अंग्रेजी पढ़ाने का काम भी किया था। आतिशी को कई बार दिल्ली के शैक्षणिक संस्थानों के कायाकल्प करने में अहम रोल निभाने का श्रेय भी दिया जाता है। 

2020 में विधायक बनीं आतिशी

आतिशी ने साल 2013 में आम आदमी पार्टी के साथ सियासी सफर शुरू किया था। जुलाई 2015 से अप्रैल 2018 तक वह मनीष सिसोदिया की सलाहकार थीं।

इसके बाद साल 2019 में आतिशी ने पूर्वी दिल्ली सीट से  लोकसभा चुनाव लड़ी लेकिन वह गौतम गंभीर से हार गईं। हालांकि, साल 2020 के विधानसभा चुनाव में आतिशी ने पहली बार कालकाजी सीट से चुनाव जीता और विधायक बनीं।

सीएम तक का सफर

9 मार्च 2023 को आतिशी पहली बार दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री बनीं। वर्तमान में आतिशी के पास में PWD, शिक्षा समेत कुल 13 मंत्रालय हैं।

आतिशी को अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया दोनों का ही करीबी माना जाता है। वह आम आदमी पार्टी की सबसे मुखर प्रवक्ताओं में एक हैं। 

 

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.