हिमाचल / नूरपुर बस हादसा: ड्राइवर को हार्ट अटैक, 28 यात्री घायल
हिमाचल बस हादसा: चलती बस के ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, सड़क पर पलटी बस, 28 यात्री घायल
नूरपुर (कांगड़ा):द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित नूरपुर में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है।
पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर न्याजपुर के समीप एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई।
हादसे की मुख्य वजह बस चालक को अचानक हार्ट अटैक आना बताया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे में 28 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें बस चालक सहित तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
गनीमत यह रही कि बस गहरी खाई में नहीं गिरी, अन्यथा एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
हार्ट अटैक के बाद खिड़की से नीचे गिरा चालक
जानकारी के अनुसार, निजी बस (HP72 D3791) रविवार सुबह साढ़े छह बजे चंबा से ऊना के लिए निकली थी।
सुबह करीब 11 बजे जब बस नूरपुर शहर के न्याजपुर में एक तीखे मोड़ पर पहुंची, तभी बस चालक मनजीत सिंह के सीने में अचानक तेज दर्द उठा।
बस के परिचालक अमित कुमार ने बताया कि दर्द इतना तेज था कि चालक पल भर में ही बेहोश होकर बस की खिड़की से नीचे गिर गया।
इसके बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीचोंबीच पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए तुरंत नूरपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार ज्यादातर यात्री चंबा जिले के बताए जा रहे हैं।
3 घायलों की हालत गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
नूरपुर सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. सतीश पॉल ने जानकारी दी कि हादसे में कुल 28 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 3 यात्रियों (चालक सहित) की हालत बेहद गंभीर थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
बाकी 25 घायलों का नूरपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है और उन्हें अगले 24 घंटों तक चिकित्सा निगरानी में रखा गया है।
प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज, बांटी गई राहत राशि
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक अजय महाजन और वन विकास निगम के निदेशक योगेश महाजन सहित शहर के कई समाजसेवी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
एसडीएम अरुण शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से गंभीर रूप से घायलों को 5-5 हजार रुपये और मामूली रूप से घायलों को 2-2 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात हुआ बहाल, पुलिस कर रही जांच
बस के नेशनल हाईवे के बीचोंबीच पलटने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था और सड़क के दोनों ओर भारी जाम लग गया।
हालांकि, नूरपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को डिफेंस रोड की ओर डायवर्ट कर दिया, जिससे कुछ देर बाद यातायात सुचारू हो गया।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।











