Jaunpur Crime News

जौनपुर हत्याकांड: लव मैरिज से नाराज ममेरे भाई ने दूल्हे को मारी गोली, 25 हजार का इनाम

जौनपुर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, लव मैरिज से नाराज ममेरे भाई ने बारात ले जा रहे दूल्हे को गोलियों से भूना

जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : विनोद यादव की रिपोर्ट 

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बारात लेकर जा रहे 22 वर्षीय दूल्हे की सरेराह गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।

हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि दुल्हन का ममेरा भाई निकला, जो इस ‘लव मैरिज’ से सख्त नाराज था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर दिया है।

लव मैरिज से खफा था ममेरा भाई

सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी रामलखन का बेटा आजाद (22) पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।

उसकी शादी 20 किलोमीटर दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव की रहने वाली सोनी बिंद से तय हुई थी।

  • दुल्हन सोनी के अनुसार, दोनों दूर के रिश्तेदार थे और 2 साल पहले एक शादी समारोह में मिले थे।

  • दोनों का अफेयर था और 6 महीने पहले ही परिवार की रजामंदी से शादी तय हुई थी।

  • सोनी का ममेरा भाई ‘प्रदीप बिंद’ इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। वह कई बार शादी तोड़ने का दबाव बना चुका था और आजाद से बात करने से मना करता था।

  • साजिश के तहत प्रदीप शादी में शामिल होने के बहाने 2 दिन पहले ही घर आ गया था और शुक्रवार शाम को बिना किसी को बताए वहां से निकल गया।

कार रुकवाकर मारी ताबड़तोड़ गोलियां

शुक्रवार रात करीब 8 बजे आजाद की बारात तीन गाड़ियों में बीबीपुर गांव के लिए निकली थी। मनेच्छा गांव के आगे हाइडिल के पास दूल्हे की कार सड़क किनारे खड़ी थी और वे पीछे आ रहे बारातियों का इंतजार कर रहे थे।

  • वारदात का तरीका: रात करीब 9 बजे अपाचे बाइक पर दो युवक (प्रदीप और उसका साथी रवि यादव) आए।

  • उन्होंने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे, रात में भी काला चश्मा पहना था और बाइक की नंबर प्लेट पर भी कपड़ा बांध रखा था।

  • फायरिंग: आरोपियों ने कार का शीशा खटखटाया। जैसे ही दूल्हे आजाद ने शीशा नीचे किया, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

  • चश्मदीद का बयान: कार में पीछे बैठे दूल्हे के भाई आकाश ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनते ही ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया।

  • आकाश ने कार में नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। पीछे से अन्य गाड़ियां आती देख बदमाश वहां से भाग निकले।

पुलिस की कार्रवाई: 3 टीमों का गठन और 25 हजार का इनाम

जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

  • आरोपी: मुख्य शूटर प्रदीप बिंद, उसका साथी रवि यादव और दूल्हे की लोकेशन शेयर करने वाला भोले राजभर।

  • इनाम और धरपकड़: पुलिस ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष टीमें बनाई गई हैं।

  • CCTV फुटेज: पुलिस को एक फुटेज मिला है जिसमें आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद खेतासराय की तरफ भागते दिख रहे हैं। रास्तों का रूट मैप तैयार कर उन्हें ट्रेस किया जा रहा है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अंतिम संस्कार

घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में आजाद को पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

  • दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा की गई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि एक गोली आजाद की पीठ में लगी थी जो सीने में जाकर फंस गई थी। वहीं, दूसरी गोली उसके जबड़े को चीरती हुई निकल गई थी।

  • पोस्टमॉर्टम हाउस पर आक्रोशित परिजनों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया, जिन्हें पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।

  • बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस की निगरानी में रामघाट पर मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।

दूल्हे के पिता का दर्द: मृतक आजाद के पिता रामलखन बिंद ने बताया कि 3 साल पहले जपतापुर गांव के 30 लोगों ने भी उनके और उनके बेटे के साथ बुरी तरह मारपीट की थी, जिसमें दोनों के हाथ-पैर टूट गए थे। उस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.