सीएम योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पिंक रोजगार महाकुंभ का शुभारंभ किया

पिंक रोजगार महाकुंभ : 2765 युवतियों को नौकरी, 78 का दुबई में चयन

“पिंक रोजगार महाकुंभ: 2765 युवतियों को मिली नौकरी, युद्ध के खौफ पर भारी पड़ा ‘दुबई’ का शानदार पैकेज  “

लखनऊ (The Politics Again): वरुण यादव की रिपोर्ट 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’ महिलाओं के स्वावलंबन का बड़ा मंच साबित हुआ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए इस महाकुंभ में 2765 युवतियों को रोजगार मिला। सबसे चौंकाने वाली और सकारात्मक बात यह रही कि ईरान-इजराइल युद्ध की चिंताओं के बावजूद, यूपी की बेटियों ने शानदार पैकेज के लिए दुबई (UAE) में नौकरी के भरपूर अवसर भुनाए।

सीएम योगी ने दिए ऑफर लेटर, 4000 ने किया प्रतिभाग

रोजगार महाकुंभ के दौरान युवतियों में गजब का उत्साह दिखा। विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश ने बताया कि करीब 4000 युवतियों ने इसमें हिस्सा लिया, जिनमें से 2765 को मौके पर ही जॉब ऑफर कर दिया गया।

हालांकि विभाग ने 5000 युवतियों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद 8 युवतियों को मंच से जॉब ऑफर लेटर सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

युद्ध के साये के बीच दुबई की उड़ान: 78 युवतियों का चयन

ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के कारण दुबई के हालात पर भी असर पड़ने की आशंकाएं हैं, लेकिन इसके बावजूद युवतियों ने दुबई की कंपनियों में भारी दिलचस्पी दिखाई।

दुबई की तीन प्रमुख कंपनियों में कुल 172 खाली पदों के लिए 120 से अधिक आवेदन आए, जिनमें से 78 युवतियों को 50 हजार से लेकर 1.15 लाख रुपये प्रतिमाह के वेतन पर चुना गया।

दुबई की इन तीन प्रमुख कंपनियों में हुआ चयन:

  • बीआरटी टेक्नीशियन: कंप्यूटर ऑपरेटर (IT/ITES/Social Media)

  • डे टू डे केयर: रिटेल सेक्टर

  • साइमन कॉन्ट्रैक्ट कंपनी: एकाउंटेंट

50 से अधिक मल्टीनेशनल और घरेलू कंपनियां हुईं शामिल

इस पिंक रोजगार महाकुंभ में ऑटोमोटिव, ई-कॉमर्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड, हेल्थ केयर, आयरन स्टील, टेलीकॉम, टेक्सटाइल और बैंकिंग (BFSI) सेक्टर की 50 से अधिक कंपनियों ने शिरकत की और युवतियों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार दिया।

“यहां पैसे कम थे, दुबई का पैकेज बेहतर है”

दुबई की बीआरटी टेक्नीशियन कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए चुनी गईं लखनऊ (आलमबाग) की रहने वाली बीटेक पास प्रतिभा ने बताया, “मैंने यहां कुछ कंपनियों में पहले जॉब की थी, लेकिन काम के हिसाब से पैसे नहीं मिल रहे थे।

युद्ध से दुबई प्रभावित जरूर है, लेकिन हालात सुधरेंगे। कंपनी ने मुझे 50 से 70 हजार रुपये का जॉब ऑफर किया है, जो मेरे करियर के लिए एक बेहतरीन मौका है।”

सुरक्षा और सुविधाओं की पूरी गारंटी

दुबई की निजी कंपनी के प्रतिनिधि प्रदीप पांडेय ने बताया कि युवतियों का यह उत्साह उम्मीद से कहीं ज्यादा है।

चयनित युवतियों को कंपनी की ओर से न सिर्फ शानदार पैकेज, बल्कि रहने, खाने और मेडिकल की पूरी सुविधा मुफ्त दी जाएगी।

इसके साथ ही भारत और दुबई सरकारें इन युवतियों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेंगी, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.