पीएम मोदी लखपति दीदी ऐलान

PM मोदी का बड़ा ऐलान: अब 3 करोड़ और महिलाएं बनेंगी ‘लखपति दीदी’

“महिला दिवस पर PM मोदी का महा-ऐलान : 3 करोड़ का लक्ष्य हुआ पूरा, अब 3 करोड़ और महिलाएं बनेंगी ‘लखपति दीदी ‘

नई दिल्ली (The Politics Again): श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की मातृशक्ति को एक बड़ी सौगात दी है।

रविवार को दिल्ली के बुराड़ी में आयोजित विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने ‘लखपति दीदी’ योजना के भारी सफलता के बाद इसके विस्तार का ऐतिहासिक ऐलान किया।

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि केंद्र सरकार ने देश में 3 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर ‘लखपति दीदी’ बनाने का जो शुरुआती लक्ष्य रखा था, वह सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।

अब इस योजना के अगले चरण में 3 करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का नया संकल्प लिया गया है।

मजाक उड़ाने वालों को देश की महिलाओं ने दिया जवाब

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब कुछ साल पहले केंद्र सरकार ने गांवों की 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का संकल्प लिया था, तब कई लोगों ने इस विचार का मजाक उड़ाया था।

लेकिन आज गर्व के साथ यह कहा जा सकता है कि देश की महिलाओं ने अपनी कड़ी मेहनत और सामर्थ्य से इस लक्ष्य को हासिल करके दिखा दिया है।

हुनर को मिला पूंजी और बाजार का साथ

प्रधानमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि दशकों से इन महिलाओं के पास हुनर और मेहनत तो थी, लेकिन उनके पास पूंजी (Capital) और बाजार (Market) तक पहुंच नहीं थी।

मौजूदा सरकार ने इस खाई को पाटा और उन्हें सेल्फ हेल्प ग्रुप्स (SHGs) के साथ-साथ बैंकों से जोड़कर और उचित प्रशिक्षण देकर प्रगति के नए अवसर उपलब्ध कराए।

10 करोड़ से अधिक महिलाएं SHG से जुड़ीं

प्रधानमंत्री के मुताबिक, आज देश भर में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) से जुड़ चुकी हैं।

इन समूहों को लाखों करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और ऋण प्रदान किया गया है, जिससे ग्रामीण महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

पीएम मोदी ने पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि महिलाओं की इसी सफलता और देश की नारी शक्ति के आशीर्वाद से 3 करोड़ और ‘लखपति दीदी’ बनाने का नया लक्ष्य भी निश्चित रूप से और बहुत जल्द पूरा होगा।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.