महिला दिवस पर सीएम योगी का आत्मीय अंदाज | The Politics Again
“महिला दिवस पर दिखा सीएम योगी का आत्मीय अंदाज: ‘जौनपुर की नमकीन खाऊंगा’, शोहदों को दी ‘यमराज’ की चेतावनी “
जौनपुर / लखनऊ सूचना विभाग (The Politics Again): संतोष सेठ की रिपोर्ट
“नारी! तुम केवल श्रद्धा हो…” जयशंकर प्रसाद की इन पंक्तियों को चरितार्थ करते हुए, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च 2026) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बेहद संवेदनशील और आत्मीय रूप सामने आया।

राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘पिंक रोजगार महाकुंभ-2026’ और राज्यस्तरीय महिला सम्मान समारोह में सीएम योगी ने न सिर्फ महिलाओं की सफलता की कहानियां सुनीं, बल्कि बच्चियों को दुलार कर पूरे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का एक नया संदेश दिया।
इस अवसर पर जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर महिलाओं को समान अवसर देने की योगी सरकार की नीति स्पष्ट नजर आई। वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर की 600 महिलाएं भी इस कार्यक्रम से जुड़ी थीं।
“इमरती के साथ अब खाऊंगा जौनपुर की नमकीन”
समारोह का सबसे दिलचस्प पल तब आया जब जौनपुर की ‘ड्रोन दीदी’ दुर्गा मौर्या ने सीएम से बात की।
सीएम ने उन्हें सम्मानपूर्वक कुर्सी पर बैठाया। दुर्गा ने बताया कि योगी सरकार की मदद से वह सीजन में 50-60 हजार रुपये कमा लेती हैं और अब उन्होंने नमकीन की फैक्ट्री भी लगा ली है।
इस पर मुस्कुराते हुए सीएम योगी ने कहा, “हम तो अब तक जानते थे कि जौनपुर में सिर्फ इमरती फेमस है, लेकिन अब आपका नमकीन भी आ गया है। मैं जब भी जौनपुर आऊंगा तो इमरती के साथ आपका नमकीन जरूर खाऊंगा।”
नन्ही बच्ची को दिया टेडी बियर, गूंजा- ‘बेटियां सुरक्षित हाथों में हैं’
मंच पर एक भावुक माहौल तब बना जब सीएम ने कन्या सुमंगला योजना की नन्ही लाभार्थी शानवी गुप्ता को दुलारा और उसे एक प्यारा सा सफेद टेडी बियर देते हुए कहा, “ये सफेद टेडी बियर तुम्हारे लिए लाया हूं। “
सीएम ने जैसे ही बच्ची को गोद में उठाया, पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। सीएम ने वहां मौजूद बच्चियों से पूछा, “इस पैसे से क्या करोगी, कपड़े खरीदोगी?”
सीएम ने दिए आमदनी बढ़ाने के टिप्स और सुनी संघर्ष की कहानियां
-
चंदौली की सोनी: फूलों की खेती करने वाली सोनी को सीएम ने सूखे फूलों से अगरबत्ती और इत्र बनाकर आमदनी बढ़ाने का सुझाव दिया।
-
वाराणसी की सीता देवी: ई-रिक्शा चलाने वाली सीता से सीएम ने पूछा, “महिला होकर ई-रिक्शा चलाती हैं, डर नहीं लगता?”
-
सीता ने बेबाकी से जवाब दिया कि अब पैसा आता है तो परिवार के साथ पड़ोसी भी खुश रहते हैं, उन्हें कोई डर नहीं लगता।
-
गाजीपुर की प्रमिला: 5 सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहीं प्रमिला की कहानी सुन सीएम ने कहा कि महिला चाहे तो अपने दम पर आत्मनिर्भर बन सकती है।
शोहदों को सख्त चेतावनी: “अगले चौराहे पर यमराज बैठे हैं”
महिला सुरक्षा पर हुंकार भरते हुए सीएम योगी ने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि आज यूपी की हर बेटी खुद को सुरक्षित महसूस करती है।
उन्होंने मनचलों को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर कोई शोहदा दुस्साहस करता है, तो अगले चौराहे पर उसका टिकट काटने के लिए यमराज बैठे हैं।”
श्रम मंत्री अनिल राजभर ने भी बताया कि सीएम का सख्त आदेश है कि बहन-बेटियों को नुकसान पहुंचाने वाले का सर्वनाश होना चाहिए।
जल्द मिलेगी स्कूटी, 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में सीएम योगी ने चित्रकूट के कामदगिरि की एक भावुक घटना साझा की, जब एक बच्ची को नंगे पांव स्कूल जाते देख उन्होंने प्रदेश के हर बच्चे के लिए स्कूल बैग, जूते और स्वेटर की योजना शुरू की थी।
इस दौरान 94 नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए और उत्कृष्ट महिलाओं को ‘नारी शक्ति अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सीएम ने घोषणा की कि जल्द ही मेधावी स्नातक/परास्नातक बेटियों को सरकार की तरफ से स्कूटी दी जाएगी, जिससे हॉल में उत्साह की लहर दौड़ गई।












