भदोही: जमीनी विवाद में फायरिंग, 1 की मौत, 3 गिरफ्तार
“उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मंगलवार की सुबह जमीनी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया”
भदोही/औराई: “The Politics Again” मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट
कोतवाली औराई क्षेत्र के बनपुरवा जंगला गांव में जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई।
इस गोलीबारी में एक युवक आशीष यादव (26) की मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, विवाद की जड़ 1994 से चला आ रहा एक जमीनी झगड़ा है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे आशीष यादव अपने छोटे भाई अखिलेश और परिवार के अन्य सदस्यों (राजनाथ और नन्हेलाल) के साथ पट्टे की जमीन पर बैरियर (घेराबंदी) लगाने गए थे।
आरोप है कि सुबह 10 बजे के करीब विपक्षी वहां पहुंचे और बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि विपक्षियों ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव गूंज उठा। आशीष यादव, अखिलेश (22), राजनाथ (45) और नन्हेलाल (40) को गोलियां लगीं।
आनन-फानन में पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस से सभी को औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, लेकिन आशीष यादव ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस का एक्शन: 3 हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिमन्यु मांगलिक और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी ने बताया, “मौके से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और खोखा बरामद किया गया है। चार संदिग्धों में से तीन को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि एक की तलाश जारी है।”
परिजनों का कहना है कि यह विवाद अवैध कब्जे और पुश्तैनी हिस्सेदारी को लेकर दशकों से चल रहा था।











