National Voters' Day

लोकतंत्र का महापर्व: कल मनेगा 16वां ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’, राष्ट्रपति मुर्मू नई दिल्ली में करेंगी सम्मानित; ‘मेरा भारत, मेरा वोट’ है थीम

“दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में कल यानी 25 जनवरी को एक विशेष उत्सव मनाया जाएगा”

नई दिल्ली | The Politics Again संतोष सेठ की रिपोर्ट 

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) नई दिल्ली में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस (NVD-2026) मनाने जा रहा है।

इस वर्ष के आयोजन का विषय (Theme) बेहद खास है— “मेरा भारत, मेरा वोट” और इसका नारा है— “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक”।

इस भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशिष्ट अतिथि रहेंगे।

नए वोटर्स को राष्ट्रपति सौंपेंगी पहचान पत्र

परंपरा के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इस दौरान वे नव-पंजीकृत युवा मतदाताओं को उनका पहला मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) अपने हाथों से प्रदान करेंगी। यह युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की एक अहम पहल है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित

राष्ट्रपति इस अवसर पर चुनाव प्रबंधन में बेहतरीन काम करने वाले अधिकारियों को ‘राष्ट्रीय पुरस्कार’ भी प्रदान करेंगी। ये पुरस्कार निम्नलिखित श्रेणियों में दिए जाएंगे:

  • प्रभावी तकनीकी उपयोग
  • अभिनव मतदाता जागरूकता
  • आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन
  • सुरक्षा प्रबंधन और मीडिया कवरेज

बिहार चुनाव 2025 पर खास फोकस

समारोह के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू व डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा:

  1. ‘2025: पहल और नवाचारों का वर्ष’

  2. ‘चुनाव का पर्व, बिहार का गर्व’: यह पुस्तक 2025 में बिहार में हुए विधानसभा चुनावों के सफल संचालन पर आधारित है।

इसके अलावा, चुनाव प्रबंधन में भारत के वैश्विक नेतृत्व को दर्शाने वाला एक वीडियो भी प्रदर्शित किया जाएगा।

बूथ स्तर तक होगा आयोजन

राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उत्सव केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। यह पूरे देश में एक साथ मनाया जाएगा:

  • राज्य स्तर: मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के नेतृत्व में।

  • जिला स्तर: जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के नेतृत्व में।

  • बूथ स्तर: बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर नए मतदाताओं का स्वागत करेंगे और उन्हें वोटर आईडी कार्ड सौंपेंगे।

प्रदर्शनी में मतदाता सूची तैयार करने से लेकर चुनाव संचालन तक की पूरी प्रक्रिया को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे आम जनता को आयोग की कार्यप्रणाली समझने में मदद मिलेगी।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.