गणतंत्र दिवस 2026: कर्तव्य पथ पर दिखेगा नौसेना का ‘लघु भारत’; 5वीं सदी के जहाज से लेकर INS विक्रांत तक, देखें क्या होगा खास
“गणतंत्र दिवस परेड (RDP) 2026 के लिए भारतीय नौसेना पूरी तरह तैयार है। मंगलवार (20 जनवरी, 2026) को नौसेना ने अपनी तैयारियों का ‘प्रेस पूर्वावलोकन’ (Press Preview) आयोजित किया”
नई दिल्ली | द पॉलिटिक्स अगेन ब्यूरो। शिल्पा की रिपोर्ट
इस बार कर्तव्य पथ पर नौसेना न केवल अपनी सैन्य ताकत दिखाएगी, बल्कि भारत की प्राचीन समुद्री विरासत और भविष्य की ‘आत्मनिर्भर’ शक्ति का अनूठा संगम भी पेश करेगी।
दल के कमांडर लेफ्टिनेंट करण नाग्याल ने बताया कि नौसेना का मार्चिंग दस्ता ‘लघु भारत’ (Mini India) का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें देश के हर कोने से आए जांबाज शामिल हैं।
144 जांबाज और महिला शक्ति का नेतृत्व
इस बार नौसेना के मार्चिंग दस्ते में 144 युवा नौसैनिक शामिल होंगे। इनकी औसत आयु महज 25 वर्ष है।
-
कमान: दस्ते का नेतृत्व लेफ्टिनेंट करण नाग्याल करेंगे।
-
प्लाटून कमांडर: उनके साथ लेफ्टिनेंट पवन कुमार गांधी, लेफ्टिनेंट प्रीति कुमारी और लेफ्टिनेंट वरुण ड्रेवेरिया कदम से कदम मिलाएंगे।
झांकी: ‘सशक्त राष्ट्र के लिए सामर्थ्यवान नौसेना’
नौसेना की झांकी इस बार के परेड का मुख्य आकर्षण होगी। इसका विषय ‘एक सशक्त राष्ट्र के लिए एक सामर्थ्यवान नौसेना’ रखा गया है। यह झांकी अतीत, वर्तमान और भविष्य की झलक दिखाएगी:
-
प्राचीन विरासत: झांकी के अगले हिस्से में 5वीं शताब्दी का रस्सियों से सिला हुआ जहाज ‘आईएनएसवी कौंडिन्य’ (INSV Kaundinya) और मराठा नौसेना के जहाज दिखाए गए हैं।
-
आधुनिक शक्ति: झांकी में स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, प्रोजेक्ट-17A के तहत बने आईएनएस हिमगिरी और उदयगिरी, और कलवरी श्रेणी की पनडुब्बी शामिल हैं।
-
अंतरिक्ष में नजर: नौसेना की संचार ताकत को दिखाने के लिए GSAT-7R (प्रोजेक्ट रोहिणी) उपग्रह का मॉडल भी रखा गया है।
-
वापसी: 1980 के दशक के बाद पहली बार ‘सी कैडेट्स कोर’ (Sea Cadets Corps) के युवा कैडेट भी इस झांकी का हिस्सा बनेंगे।
नारी शक्ति और आईएनएसवी तारिणी
कार्मिक सेवा नियंत्रक वाइस एडमिरल प्रवीण नायर ने बताया कि झांकी में ‘नविका सागर परिक्रमा-II’ अभियान को भी दिखाया गया है।
इसमें लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और रूपा के नेतृत्व में आईएनएसवी तारिणी (INSV Tarini) के विश्व भ्रमण मार्ग का चित्रण किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण का बेमिसाल उदाहरण है।
नौसेना बैंड: 80 संगीतकार और ‘अग्निवीर’ महिलाएं
परेड और ‘बीटिंग द रिट्रीट’ (29 जनवरी) में भारतीय नौसेना का बैंड अपनी धुनों से जोश भरेगा।
-
सदस्य: बैंड में 80 संगीतकार शामिल हैं।
-
नेतृत्व: इसका नेतृत्व मास्टर चीफ पेटी ऑफिसर (MCPO) एम. एंटनी राज करेंगे।
-
खास बात: बैंड में अग्निवीर योजना के तहत चुनी गई 6 महिला संगीतकार भी शामिल हैं।
आगे का कार्यक्रम
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता विजय कुमार ने बताया कि नौसेना के बाद अब 22 जनवरी को भारतीय वायु सेना और 23 जनवरी को भारतीय सेना अपनी तैयारियों का प्रेस पूर्वावलोकन करेंगी।












