Pravin Togadia Jaunpur Visit

जौनपुर में गरजे प्रवीण तोगड़िया: ‘बांग्लादेश पर 1971 जैसी कार्रवाई करे भारत’, जनसंख्या नियंत्रण कानून और हिंदू राष्ट्र पर दिया बड़ा बयान

“अन्तरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक और फायरब्रांड नेता डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया मंगलवार को जौनपुर पहुंचे”

जौनपुर | द पॉलिटिक्स अगेन ब्यूरो। मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट 

टीडी इंटर कॉलेज के मार्कण्डेय हॉल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बांग्लादेश संकट से लेकर भारत में जनसंख्या नियंत्रण कानून तक कई मुद्दों पर बेबाक राय रखी।

तोगड़िया ने केंद्र सरकार से दो टूक मांग की है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए अगर कूटनीतिक दबाव काम नहीं करता, तो भारत को 1971 की तरह सैन्य कार्रवाई करनी चाहिए।

बांग्लादेश पर बड़ा बयान: ‘विराज विमान कूच करे’

डॉ. तोगड़िया ने बांग्लादेश में हिंदू परिवारों पर हो रहे हमलों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “बांग्लादेश में अत्याचार थम नहीं रहा है। केंद्र सरकार बांग्लादेश पर दबाव बनाए। अगर वो नहीं मानते हैं, तो हमारे ‘विराज विमान’ को बांग्लादेश की ओर कूच करने का आदेश दो। जैसे 1971 में हुआ था, वैसा ही करने का समय अब आ गया है।”

‘हिंदू बहुमत में है, तभी तक सुरक्षित है’

जनसंख्या नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि भारत में हिंदू तभी तक सुरक्षित है, जब तक वह बहुमत में है। भारत में हिंदू बहुमत बना रहे, इसके लिए हम जनसंख्या नियंत्रण कानून बनवाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने एक नया अभियान छेड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब हर मंगलवार और शनिवार की शाम भारत के हर गांव और गली में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा।

तोगड़िया के ‘राम’ और ‘हिंदू राष्ट्र’ की नई परिभाषा

राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों के अलावा तोगड़िया ने किसानों, छात्रों और महिलाओं के मुद्दों को अपनी प्राथमिकता बताई। उन्होंने एक नया नारा दिया: “किसानों को फसल के दाम, अब यही है डॉ. प्रवीण तोगड़िया के राम।”

उन्होंने अपने ‘हिंदू राष्ट्र’ की परिभाषा बताते हुए कहा:

  • शिक्षा: राज्य और केंद्र सरकार अपनी आमदनी का 8% शिक्षा पर खर्च करें ताकि छात्रों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। हाईस्कूल से ही स्किल ट्रेनिंग दी जाए।

  • किसान: किसानों को C2 फार्मूले के आधार पर फसल का डेढ़ गुना दाम मिले।

  • स्वास्थ्य: ‘रोगमुक्त हिंदू’ अभियान के तहत 1 करोड़ परिवारों को ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि बीमारी के कारण कोई कर्ज में न डूबे।

  • महिला सुरक्षा: बेटियों को जूडो-कराटे की ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे अपनी सुरक्षा खुद कर सकें।

तोगड़िया ने कहा, “जब किसान को दाम, युवा को रोजगार, सस्ती शिक्षा और बेटी सुरक्षित होगी, वही प्रवीण तोगड़िया का हिंदू राष्ट्र है।”

काशी और प्रयागराज पर विश्वास

प्रयागराज माघ मेले/कुंभ के संदर्भ में उन्होंने कहा कि योगी सरकार में संतों और श्रद्धालुओं का सम्मान होगा, इसका उन्हें पूरा विश्वास है। आदि शंकराचार्य द्वारा बनाई गई परंपराएं ही कानून हैं।

वहीं, काशी के मसले पर उन्होंने कहा कि काशी के कोतवाल कालभैरव हैं। जो धर्म के रास्ते पर चलेगा उसे आशीर्वाद मिलेगा, जो अधर्म करेगा उसे दंड मिलेगा। कालभैरव ही वहां उचित न्याय करेंगे।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.