हरियाणा समाचार – यहाँ जानिए! नूंह जिले की तीन विधानसभा सीटों पर कितने मतदाता, कितने बूथ, और कितना तैयार है सिस्टम
“नायब तहसीलदार इलेक्शन राजेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि जिन ईवीएम मशीनों से लोकसभा के चुनाव कराए गए थे। उन्हीं ईवीएम मशीनों से नूंह जिले की तीनों विधानसभा सीटों के चुनाव कराए जाएंगे”
नूंह 21 / 08 / 2024 (शब्द)
नूंह जिले में तीन विधानसभा सीट शामिल हैं। इन तीन विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की संख्या 644170 है।
अगर नूंह विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं की बात करें तो यहां 202685 कुल मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 108598 हैं तो महिला मतदाताओं की संख्या 94071 है।
इसी तरह फिरोजपुर झिरका विधानसभा में पुरुष मतदाताओं की संख्या 240702 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 129426 है और महिला मतदाताओं की संख्या 111275 है।
ठीक इसी तरह पुनहाना विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 200783 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 108960 है तो महिला मतदाताओं की संख्या 91819 है।
कुल पुरुष मतदाताओं की बात करें तो 346984 हैं और महिला मतदाताओं की संख्या 297165 है। जिले भर में कुल 665 बूथ बनाए गए हैं, जो पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले तकरीबन 25 बूथ अधिक बनाए गए हैं।
इसी तरह अगर 85 साल के मतदाताओं पर नजर डाली जाए तो जिले भर में 6509 मतदाता है। 100 वर्ष आयु से अधिक के तकरीबन 224 मतदाता हैं और अगर थर्ड जेंडर की बात की जाए तो कुल 21 मतदाता पूरे जिले भर में हैं।
नायब तहसीलदार इलेक्शन राजेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि जिन ईवीएम मशीनों से लोकसभा के चुनाव कराए गए थे। उन्हीं ईवीएम मशीनों से नूंह जिले की तीनों विधानसभा सीटों के चुनाव कराए जाएंगे।
जिला चुनाव कार्यालय शांतिपूर्वक ढंग से चुनाव कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। कुल मिलाकर चुनाव की तारीखों का शंखनाद होते ही हरियाणा में चुनाव के लिए सिस्टम पूरी तरह से तैयार दिख रहा है।
राजेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि आगामी 1 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जनता को तकरीबन 80 फ़ीसदी तक मतदान प्रतिशत पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में घरों से बाहर निकल कर अपने मत का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आगामी 4 अक्टूबर को हरियाणा में वोटों की गिनती की जाएगी। नायब तहसीलदार चुनाव नूंह ने यह भी कहा कि दिव्यांग मतदाताओं के अलावा 85 वर्ष आयु से अधिक के मतदाताओं को डी फॉर्म भरना होगा।
उनके लिए घर पर ही वोट डालने की व्यवस्था चुनाव आयोग की तरफ से की जाएगी।











