जौनपुर/केराकत : नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी

“केराकत कोतवाली क्षेत्र के भड़ेहरी गांव निवासी बृजेश कुमार सरोज ने मैनपुरी के बीकापुर गांव निवासी डॉ.सालिगराम राजपूत के खिलाफ नौकरी के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है”

जौनपुर 10 / 04 / 2025 वरुण यादव की रिपोर्ट 

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी डॉ.सालिगराम ने खुद को उच्च राजनीतिक संपर्कों वाला बताते हुए रेलवे और पर्यावरण विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस बहाने उसने बृजेश और उनके भाई विजय कुमार से दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई बार नकद व ऑनलाइन माध्यम से छह लाख रुपये वसूल लिए।

लंबे समय तक नौकरी नहीं लगी और बार-बार संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिला तो पीड़ित 15 जनवरी 2025 को अपने भाई के साथ डॉ.सालिगराम के घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी दी।

बृजेश कुमार ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक जौनपुर से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली केराकत को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। थाना प्रभारी अवनीश कुमार राय ने बताया कि आरोपी डॉ.सालिगराम राजपूत के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी व एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।