दिल्ली में ‘सुशासन’ का 1 साल: CM रेखा गुप्ता बोलीं- यह जनता के विश्वास, सेवा और बदलाव का वर्ष
“दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने अपना एक साल पूरा कर लिया है”
द पॉलिटिक्स अगेन डेस्क, नई दिल्ली : शिल्पा की रिपोर्ट
इस अवसर पर सोमवार को उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के खजूरी चौक स्थित नमो ग्राउंड में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते 365 दिनों को ‘जनता के विश्वास, सेवा के संकल्प और सुशासन के परिणाम’ का वर्ष करार दिया।
उन्होंने कहा कि यह वर्ष दिल्लीवासियों को एक नया आत्मविश्वास देने वाला साबित हुआ है।
“पहला कदम बदलाव का, एक साल विकास का”
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ‘पहला कदम बदलाव का, एक साल विकास का’ केवल एक राजनीतिक नारा नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के हर नागरिक के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का सीधा प्रतीक है।
उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले एक साल में पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था, तेज इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और डिजिटल गवर्नेंस के जरिए दिल्ली को नई गति और दिशा दी गई है।
सरकार ने गरीब, श्रमिक, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सहित हर तबके के हितों को सर्वोपरि रखा है।
पीएम मोदी के मंत्र से स्थापित हुआ सुशासन का नया मॉडल
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र को आधार बनाकर सुशासन (Good Governance) का एक नया मॉडल स्थापित किया गया है।
उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में विकास की इस रफ्तार को और तेज किया जाएगा, ताकि दिल्ली को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त शहर बनाया जा सके और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े हर नागरिक तक पहुंचे।
जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति
नमो ग्राउंड में उमड़ी भीड़ को देखकर गदगद मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह का यह भारी उत्साह इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि दिल्ली की जनता विकास और सुशासन की इस यात्रा में सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा, “सरकार खुद को जनता का सेवक मानती है और दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर काम करती रहेगी। कार्यकर्ताओं और जनता का यह विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।”
कार्यक्रम में इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के इस जश्न में भारतीय जनता पार्टी के कई शीर्ष नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मंच पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी, सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और विधायक अजय महावर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।










