“हिमाचल में बादल फटने की घटना के 50 घंटे से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी लापता लोगों का सुराग नहीं मिल पाया है। अब भी 47 लोग लापता हैं। बीते 24 घंटे के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने पुलिस और दमकल विभाग के साथ मिलकर सर्च आपरेशन को जारी रखा है”
शिमला 03/08/2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट
शुक्रवार को मंडी जिला में दो बच्चों के शव बरामद हुए हैं। दोनों बच्चों की उम्र आठ से नौ साल के बीच है और दोनों की पहचान कर ली गई है।
हादसे के बाद लापता 47 लोगों में से सबसे बड़ा आंकड़ा शिमला का ही है। यहां शिमला और कुल्लू की सीमा पर समेज में 33 लोग लापता हैं, जबकि कुुल्लू में नौ और मंडी में अब पांच के लापता होने की रिपोर्ट सामने आई है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रभावितों से बातचीत की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत और बचाव कार्य में जुटे दलों को भी रेस्क्यू आपरेशन की गति तेज करने के आदेश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने घटनास्थल पर जाकर राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया है।
मंडी में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा तीनों जिलों में 61 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इनमें कुल्लू में 32, शिमला में 25 और मंडी में चार घर शामिल हैं।
जबकि 42 घरों को आंशिक तौर पर नुकसान पहुंचा है। कुल्लू में 37 और शिमला में पांच घरों को नुकसान पहुंचा है। 22 गोशाला तेज बहाव की वजह से ध्वस्त हो गई हैं। वहीं, छह वाहन योग्य और 32 पैदल पुल भी हादसे की भेंट चढ़े हैं।
छह स्कूल और एक अस्पताल भी सैलाब में बह गया
तेज बहाव में कुल्लू के छह स्कूल बह गए हैं। इनमें से एक स्कूल शिमला और कुल्लू के सीमावर्ती गांव में सीनियर सेकेंडरी स्कूल समेज भी था, जहां के आठ छात्र लापता हैं। इसके अलावा शिमला में एक स्वास्थ्य संस्थान भी बह गया है।
यहां गांव के लोगों को उपचार मिल रहा था। इसके अलावा 17 वाहन हादसे का शिकार हुए हैं, जबकि तीन मछली पालन केंद्र भी बाढ़ की चपेट में आने के बाद बर्बाद हो गए हैं।
प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, चंबा और सिरमौर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने और नदी-नालों के समीप न जाने की सलाह दी है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मंडी, कुल्लू, शिमला समेत अन्य जिलों में भारी बारिश हुई है।
प्रभावित परिवारों को 16 लाख की फौरी मदद
राज्य सरकार ने अब तक कुल्लू और शिमला में प्रभावित परिवारों को समेज में 16 लाख से ज्यादा की धनराशि वितरित की है। इनमें से समेज में आपदा प्रभावितों को राहत राशि कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने अभी तक 20 परिवारों को फौरी राहत राशि दी है। हर परिवार को 15 हजार रुपए दिए गए है। अभी तक तीन लाख रुपए जारी कर दिए गए हैं। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि पीडि़तों और प्रभावितों दोनों को फौरी राहत राशि जारी कर दी है।
लद्दाख में 'श्वेत क्रांति' का नया अध्याय: अमित शाह ने करगिल में रखी 10,000 लीटर…
मजदूर दिवस पर UP के आउटसोर्स कर्मियों को बड़ी सौगात: मंत्री असीम अरुण ने किए…
पेट्रोल-डीजल पर फिर से मंडराया महंगाई का खतरा: अंतरराष्ट्रीय तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने…
दिल्ली-NCR मौसम: पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, 3 और 4 मई को आंधी-बारिश का अलर्ट; 5 दिन…
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: चुनाव आयोग का बड़ा फैसला, डायमंड हार्बर सहित 15 बूथों पर…
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: 'EVM लूटी तो मरते दम तक लड़ूंगी...', आधी रात स्ट्रांग रूम…