हिमाचल/कांगड़ा – बीड़ में आठ दिवसीय पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप का हुआ समापन 

“जिला कांगड़ा के बीड़ में पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, आवास प्रबंध, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शिरकत की”
 
कांगड़ा 10 / 11 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट 
 
कार्यक्रम में मुख्य संसदीय सचिव, पशुपालन, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास किशोरी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्री ने पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप के विजेताओं को पुरस्कृत किया और भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी।
 
राजेश धर्माणी ने कहा कि बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप का आयोजन प्रदेश के लिये बहुत गौरव ही बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार के विशेष सहयोग बिलिंग में दूसरी बार वर्ल्ड कप का आयोजन किया गया है।
 
उन्होंने कहा कि बिना किसी दुर्घटना के सफलतापूर्वक आयोजन के लिये बीपीए बधाई की पात्र है। उन्होंने सभी विदेशी पायलटों का आभार प्रकट किया जो विश्व भर से इस प्रतियोगिता का हिस्सा बने और विश्व मानचित्र बीड़ बिलिंग की पहचान बनीं।
 
राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल, प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है और प्रदेश सरकार, प्रदेश के पर्यटन आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की घोषणा की गई है।
 
उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा के बनखंडी में बड़ा जियोलॉजिकल पार्क, लगभग अढाई हजार करोड़ की लागत से कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार और कांगड़ा में विश्व स्तरीय गोल्फ कोर्स का निर्माण प्रस्तावित है।
 
उन्होंने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्थापित लोगों को मुआवजा के रूप में 32 करोड रुपए जारी कर दिए गए हैं। धर्माणी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
 
उन्होंने कहा कि गोबिंद सागर झील की तर्ज पर जिला कांगड़ा के पोंग डैम में भी वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म को आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में देसी पर्यटकों के अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए साहसिक पर्यटन के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
 
मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू है शामिल होना था लेकिन मुख्यमंत्री के दिल्ली प्रवास के कारण, उन्हें इस कार्यक्रम में भेजा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बीपीए को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
 
8 दिवसीय प्रतियोगिता में ओवर आल श्रेणी में संयुक्त राज्य अमेरिका के ऑस्टिन कॉक्स ने पहला स्थान, भारत के रणजीत सिंह दूसरे तथा पोलैंड के डोमिनिक कपिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।
 
इसमे क्रमशः 3 लाख, अढाई लाख, और 2 लाख नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी गयी। महिला वर्ग में पोलैंड की जोआना कोकोट पहले स्थान पर, दूसरे स्थान पर जर्मनी की दारिया एल्टेकोवा और तीसरे स्थान पर ब्राज़ील की मारीना ओलेक्सिना रही।
 
इसमे क्रमशः 2 लाख, एक लाख 60 हजार और एक लाख नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। भारतीय श्रेणी में पहले साथ पर रणजीत सिंह, दूसरे स्थान पर सुशांत ठाकुर और तीसरे स्थान पर अमित कुमार रहे।
 
ऑस्टिन किस ने कहा कि वो पहले भी बीड बिलिंग में कई बार उड़ान भर चुके हैं और इस बार वर्ल्ड कप में उन्होंने पालमपुर मंडी ओर जो भी टास्क थे सबको छू कर जीत हासिल की है ऑस्टिन ने बीपीए के प्रबंधों की भी सराहना की है।