सोलन – बीबीएन की जहर उगलती फैक्ट्रियां बनी आम लोगो की परेशानी का सबब ?
“गौरतलब है कि पिछले कई माह पहले आईआईटी मंडी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में पानी के सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट चौकाने वाली सामने आई थी। जिसमें पाया गया था कि औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन का पानी पीने योग्य नहीं रह गया है और इस केमिकल युक्त जहरीले पानी के कारण कैंसर जैसी घातक बीमारियां भी क्षेत्र में फैल रही है”
सोलन 13 / 11 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट
बीबीएन क्षेत्र का पानी जहरीला होने को लेकर उस पर चिंता जाहिर करते हुए स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी और जम्मू कश्मीर के वैज्ञानिकों द्वारा रिपोर्ट तो सामने पेश कर दी है लेकिन इस पर ना तो अब तक सरकार ने कोई संज्ञान लिया है और ना ही प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा कोई उद्योगों पर कार्रवाई की गई है।
लोगों ने प्रदेश सरकार से अपील की गई है कि जल्दी से जल्दी केमिकल युक्त जहरीला पानी क्षेत्र की नदियों में फेंकने वाले उद्योगों पर कार्रवाई की जाए और ऐसे उद्योगों को बंद करवाया जाए जो क्षेत्र की जमीनों में जहर घोल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब यहां पर औद्योगिक क्षेत्र नहीं बना था उससे पहले लोग इन नदियों का पानी पिया करते थे तो यहां पर पशुओं को नहलाया भी करते थे और खुद भी इस नदी का पानी इस्तेमाल करते थे।
लेकिन जब से यहां पर औद्योगिक क्षेत्र बना है तब से इन नदियों का पानी दूषित हो चुका है और उद्योगों द्वारा सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाकर नदियों में जहरीला केमिकल पानी सरेआम छोड़ा जा रहा है।
जिसके चलते अब बीबीएन का पानी पीने योग्य नहीं रह चुका है। और ऐसा कोई घर नहीं है जहां पर अब इन जहरीले पानी के कारण घरों में मरीज ना हो, लोगों का कहना है कि इस केमिकल युक्त जहरीले पानी के कारण क्षेत्र के लोग गंभीर बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं और कई लोगों की तो मौतें भी हो चुकी है।
क्षेत्र के लोगों ने सरकार, प्रदूषण बोर्ड बद्दी व प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगपतियों के बीच मिली भगत के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।











