लखनऊ – पुलिस की पिटाई से युवक की मौत, सड़क जाम कर प्रदर्शन
“लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-8 में युवक की मौत के मामले में शनिवार को पुलिस पर परिजनों और इलाकाई लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस की पिटाई से युवक की मौत होने का आरोप लगा तमाम लोग और परिजन खुर्रमनगर चौराहे के पास पहुंचे और जाम लगा प्रदर्शन करने लगे”
लखनऊ 12 / 10 / 2024 सतेंद्र पटेल की रिपोर्ट
शुक्रवार रात विकास नगर सेक्टर-8 में जुआ होने की सूचना पर पीआरवी नंबर 4830 पहुंची थी। पार्क के पास मौजूद 24 साल के अमन गौतम और उनके दोस्त सोनू को उठा ले आई थी। कुछ देर बाद अमन की मौत हो गई थी।
परिजनों ने पुलिस पर पीटकर मारने का आरोप लगाया था। तहरीर भी दी थी। शनिवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज। इधर परिजन और सैकड़ों इलाकाई लोग शनिवार दोपहर चार बजे खुर्रमनगर चौराहे पर जुटे।
सड़क जाम कर दी और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। परिजनों का कहना था कि अमन कभी भी जुआ नहीं खेलता था। जो लोग जुआ खेलते थे उनको पुलिस नहीं पकड़ पाई।
अमन घर के बाहर अपने दोस्त के साथ खड़ा था तो पुलिस उसको उठा ले गई थी। पीटकर मार दिया। अमन के परिवार में पत्नी रोशनी और तीन साल की बेटी है।
अभी भी प्रदर्शन जारी है। परिजनों का कहना है कि जो भी पुलिस वाले घटना में शामिल हैं, उन पर कार्रवाई की जाए।











