दीपावली 2024 – धनतेरस आज, इस बार छह दिनों का रहेगा दीपोत्सव 

“काशी के ज्योतिषाचार्य आचार्य शंकर शास्त्री के अनुसार, इस बार दिवाली अलग-अलग मान्यता के अनुसार 31 अक्तूबर व एक नवंबर दोनों दिन मनाई जा सकती है। हालांकि, धनतेरस 29 अक्तूबर को ही मनाई जाएगी। यानी, दीपोत्सव की शुरुआत मंगलवार से ही हो जाएगी”

वाराणसी 29 / 10 / 2024 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट 

देश में दिवाली और दीपोत्सव को लेकर बनी असमंजस की स्थिति खत्म हो गई है। तिथियों की गणना करने वाले विद्वानों के अनुसार, इस बार दिवाली अलग-अलग मान्यता के अनुसार 31 अक्तूबर व एक नवंबर दोनों दिन मनाई जा सकती है।

हालांकि, धनतेरस 29 अक्तूबर को ही मनाई जाएगी। यानी, दीपोत्सव की शुरुआत मंगलवार से ही हो जाएगी। 30 अक्तूबर को नरक चतुर्दशी या रूप चौदस (छोटी दिवाली) और फिर 31 अक्तूबर अमावस्या को दिवाली मनाई जाएगी। दिवाली का दान-पुण्य उसके अगले दिन एक नवंबर को किया जा सकेगा।

कार्तिक अमावस्या की शुरुआत 31 अक्तूबर को दिन में 3:53 बजे हो जाएगी। यानी अमावस्या की निशा पूजा उसी शाम में होगी। दूसरी ओर, उदया तिथि को मानने वालों का तर्क है कि अमावस्या में सूर्योदय एक नवंबर को होगा और शाम 6:17 बजे तक अमावस्या रहेगी।

इसलिए दिवाली एक नवंबर को मनाई जानी चाहिए। धर्माचार्य दोनों तर्कों को परंपरा के अनुरूप मानते हैं। उनका कहना है कि जो लोग अमावस्या को दान, स्नान और अन्य पूजापाठ करते हैं, उनको ये सभी कार्य एक नवंबर को करना चाहिए।

वहीं, दीपावली  31 अक्तूबर को मनाना तर्कसंगत होगा। दो नवंबर को गोवर्धन पूजा और तीन को भैया दूज मनाने के साथ दीपोत्सव संपन्न हो जाएगा। यानी दीपोत्सव इस बार पांच के बदले छह दिन का होगा।

धनतेरस…शाम 6:31 से 8:13 बजे तक शुभ मुहूर्त

आचार्य शंकर शास्त्री कहते हैं, इस वर्ष कार्तिक मास कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी दिनांक 29 अक्तूबर की प्रात: 10:31 बजे से 30 अक्तूबर की दोपहर 01:15 बजे 
तक रहेगी।

इसके कारण धनतेरस का पर्व 29 अक्तूबर को ही मनाया जाएगा। इस दिन पूजा अर्चन का शुभ मुहूर्त शाम 06:31 से 08:13 बजे तक स्थिर लग्न वृष एवं लाभ के चौघड़िया मुहूर्त में रहेगा। 

धनतेरस : सोना सस्ता होने से रौनक, सिक्कों और बर्तन की बढ़ी मांग

धनतेरस से पहले लगातार तीन कारोबारी सत्रों में सोना रिकॉर्ड ऊंचाई से 1,850 रुपये सस्ता हुआ है। चांदी की कीमत भी 3,000 रुपये गिरी है। सोमवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोना 400 रुपये सस्ता होकर 81,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव रहा। चांदी बिना उतार-चढ़ाव के 99,500 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई। सोना सस्ता होने से इसकी मांग बढ़ी है।

  • कारोबारियों ने कहा, कमजोर वैश्विक संकेतों और आभूषण विक्रेताओं की कमजोर मांग से कीमतें गिरी हैं। विदेशी बाजारों में कॉमेक्स सोना 0.38% गिरकर 2,744 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इससे बाजार में रौनक बढ़ी है। 

  • इस बार सोने के आभूषणों की जगह सिक्कों और बार की मांग मजबूत बनी हुई है। विश्व स्वर्ण परिषद के क्षेत्रीय सीईओ (भारत) सचिन जैन ने कहा, लोग निवेश व शादी-विवाह के लिए आभूषण खरीद रहे हैं। डिजिटल गोल्ड व गोल्ड ईटीएफ की मांग मजबूत बनी हुई है।