दिल्ली – माता-पिता की डांट से नाराज होकर निकली दो किशोरियों संग पंजाब में सामूहिक दुष्कर्म, महिला समेत तीन गिरफ्तार

“उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके से अगवा की गई दो किशोरियों के साथ पंजाब के आनंदपुर साहिब में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है”
Delhi 26/7/2024 मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
माता-पिता की डांट से नाराज होकर निकली दोनों किशोरियों को उनके एक जानकार युवक सन्नी (22) ने बिहार बुलाकर उनको अगवा कर लिया। बाद में वह दोनों को अपने साथ पंजाब ले गया।वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों किशोरियां अपने परिवारों के साथ हर्ष विहार इलाके में रहती हैं।
दोनों ही चचेरी बहनें है और पास के सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा हैं। माता-पिता अक्सर फोन चलाने पर दोनों को डांटते थे। 15 मार्च को दोनों घर से पेपर देने जाने की बात कर निकलीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने उनको काफी तलाश किया।
पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने छानबीन के बाद अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। लोकल पुलिस दोनों की तलाश में जुटी रही। इस बीच दोनों ने कॉल कर परिजनों को बताया कि वह ठीक-ठाक हैं धूमने निकली हैं, जल्द ही वह घर आ जाएंगी।
दोनों कभी खाटूश्याम, कभी हरिद्वार, जयपुर और दिल्ली में होने की बात करती रहीं। इस बीच लोकल पुलिस उनकी तलाश में जुटी रही। पुलिस की टीम, दिल्ली, राजस्थान, यूपी और हरियाणा में उनकी तलाश करती रही। इस बीच वह कॉल करतीं तो उनकी लोकेशन त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल की भी मिली, लेकिन उनका पता नहीं चला।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच का जिम्मा स्पेशल स्टाफ के अलावा एएटीएस को सौंप दिया। कई टीमों ने उनकी तलाश में अलग-अलग राज्यों की खाक छानी, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस लगातार उन नंबरों की पड़ताल करती रही जिनसे लड़कियां लगातार परिवार को कॉल कर रही थीं।
जी-सॉफ्ट सर्वर से की जा रही थी कॉल…
पुलिस ने लड़कियों के नंबर की पड़ताल की तो उनकी लोकेशन त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल की आ रही थी। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से जांच हुई तो पता चला कि कॉल करने के लिए जी-सॉफ्ट सर्वर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी मदद से कॉलर की लोकेशन बदल जाती है। पुलिस ने जी-सॉफ्ट को लिखकर कॉलर की लोकेशन मांगी।
काफी प्रयास के बाद टीम को कॉलर की लोकेशन पंजाब के आनंदपुर साहिब की मिली। बिना देर किए टीम पंजाब पहुंची। वहां एक-एक घर की तलाशी लेने के बाद लड़कियों को एक मकान से बरामद कर लिया गया। आरोपी सोनू ने दोनों को डरा-धमकाकर अपने घर में बंधक बनाया हुआ था। दोनों को लेकर पुलिस की टीम दिल्ली आया।
एक किशोरी से सोनू ने शादी का नाटक किया…
दोनों किशोरी मौज-मस्ती करने घर से निकली थीं। इधर-उधर घूमने के बाद इन लोगों ने अपने जानकार दोस्त सन्नी को कॉल किया। सन्नी ने बताया कि वह फिलहाल अपने दोस्त सोनू के साथ बिहार आया हुआ है। सोनू का हलवाई का काम है। दोनों अपने काम के सिलसिले में बिहार आए हुए थे।
सन्नी ने दोनों लड़कियों से कहा कि वह बिहार आ जाएं। दोनों को बिहार बुलाने के बाद सन्नी और सोनू दोनों को लेकर पंजाब के आनंदपुर साहिब आ गए। यहां सोनू दोनों को डरा-धमकाकर अपने मकान में बंधक बना लिया। यहां आरोपी सोनू ने कई बार दोनों से बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात में सोनू की पत्नी कुलदीप कौर ने सहयोग किया।
एक लड़की का विश्वास जीतने के लिए सोनू ने एक पंडित बुलाकर शादी का नाटक भी किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी दोनों लड़कियों को आगे बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के प्रयासों से दोनों को बरामद कर लिया गया। दिल्ली लाकर दोनों लड़कियों को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार के हवाले कर दिया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।











