जौनपुर / शाहगंज – सड़क हादसे में एक की मौत, चार की हालत गंभीर
“सड़क हादसे में पांच लोगों के घायल होने की सूचना पाकर मौके पर शाहगंज पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहाँ इलाज के दौरान एक की मौत हो गई”
शाहगंज / जौनपुर 13 / 10 / 2024 वरिष्ठ संवाददाता वरुण यादव की रिपोर्ट
जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र के मजडीहां स्थित किंग पैलेस समीप शनिवार की रात बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जौनपुर मुख्य मार्ग के मजडीहां स्थित किंग पैलेस समीप हुए हादसे में सबरहद उजरौटी पुरवा निवासी अरविंद कुमार (32) पुत्र प्यारे लाल, ममता पत्नी अरविंद कुमार व अरंद गांव निवासी नितीश कुमार (20) पुत्र शिव प्रसाद, मनीष कुमार उर्फ अंकुर (18) पुत्र चंद्रेश और शोले (20) पुत्र जगजीवन गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान शोले को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा-पढ़ी करते हुए पोस्ट मार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।











