जहानाबाद – सावन के चौथे सोमवार पर बड़ा हादसा, सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में मची भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 12 जख्मी

“बिहार के जहानाबाद स्थित सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में भगदड़ मचने से 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा सोमवार के चौथे सोमवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के समय हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है”
जहानाबाद 12 / 08 / 2024 मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
सावन के चौथे सोमवार को बिहार के जहानाबाद में भगवान शिव के जलाभिषेक के वक्त भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया।हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पांच महिलाएं हैं।
इस हादसे में 12 से अधिक श्रद्धालु घायल भी हो गए हैं। इनमें से कई श्रद्धालुओं की हालत नाजुक है। यह घटना जहानाबाद के मखदुमपुर स्थित वाणावर बाबा सिद्धेश्वरनाथ के मंदिर का है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और आपदा राहत टीम ने मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक यह सभी श्रद्धालु सावन के चौथे सोमवार को भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिर में इकट्ठा हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जहानाबाद के एसएचओ दिवाकर विश्वकर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही खुद एसपी और डीएम ने मौका मुआयना किया है।
उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। प्राथमिक सूचना के मुताबिक सबसे पहले जलाभिषेक की आपाधापी में यह घटना हुई है। मामले की विधिवत जांच कराई जा रही है।
सामने आई हादसे की असली वजह
सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के समय हादसे की असली वजह सामने आ गई है। यह हादसा फूल बेचने वालों के झगड़े की वजह से हुआ है।
पुलिस ने पहले इस हादसे की वजह श्रद्धालुओं के बीच आपाधापी बताई थी, हालंकि डीएम का बयान आने के बाद पुलिस की थ्यौरी उल्टी पड़ गई है।
यह हादसा मंदिर के अंदर जल चढ़ाने की आपाधापी की वजह से नहीं, बल्कि फूल बेचने वालों द्वारा श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की वजह से हुआ है।
बड़ी बात यह कि सावन के चौथे सोमवार को उमड़ने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, बावजूद इसके घटना के वक्त पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद नहीं थे।
यह खुलासा मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने किया है। मंदिर में जल चढ़ाने के लिए पहुंचे स्थानीय श्रद्धालु मनोज के मुताबिक यदि मौके पर पुलिस मौजूद होती तो शायद यह घटना इतनी बड़ी नहीं होती।
सोमवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। आराम से लोग भोलेनाथ की शिवलिंग तक पहुंच कर जलाभिषेक कर रहे थे। इसी दौरान मंदिर के बाहर फूल बेचने के लिए बैठे दुकानदारों का किसी श्रद्धालु से झगड़ा हो गया।
देखते ही देखते सभी दुकानदार एकजुट हो गए। ऐसे हालात में मंदिर के मुख्य गेट पर हंगामा हो गया। हादसे के बाद सीएम नीतीश कुमार के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा।
वहीं घायलों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा सीएम ने सभी घायलों को बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं।











