जौनपुर में भाइयों ने भाई को ही डंडों से पीटकर मार डाला, मुकदमा दर्ज
“भाइयों ने अपने ही भाई को कमरे में बंद कर लाठी-डंडे से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। वारदात में पिता शामिल था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है”
जौनपुर 28 / 09 / 2024 मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार
खोईरी के खरगापुर गांव में गुरुवार को पूजा में बैठने को लेकर भाइयों में विवाद हो गया। इस पर भाइयों ने अपने ही भाई को कमरे में बंद कर लाठी-डंडे से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। वारदात में पिता शामिल था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार खरगापुर गांव निवासी कैलाशनाथ शुक्ल के घर पितृपक्ष में गया जाने के लिए बृहस्पतिवार को पूजा पाठ चल रहा था। पूजा में शामिल होने के लिए पूरा परिवार इकट्ठा हुआ था।
शाम को पूजा में बैठने को लेकर भाइयों के बीच आपसी विवाद हो गया। इसके बाद पिता और पांच भाइयों समेत परिवार के अन्य लोगों ने 47 वर्षीय विनोद कुमार शुक्ला को घर में बंदकर लाठी-डंडे से बुरी तरह पीट दिया।
पिटाई के बाद उसे मरणासन्न अवस्था में ही घर में बंद कर दिया। गांव के बाहर सड़क पर घर बनवाकर रह रही पत्नी सुमन को कुछ देर बाद जब जानकारी हुई तो वह घर पहुंची। उसने एक कमरे में अपने पति को खून से लथपथ पड़ा देखा।
सुमन ने घटना की जानकारी मुंबई में अपने भाई नीलेश को दी। नीलेश ने बरसठी पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल विनोद को सीएचसी पहुचाया।
जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों में चर्चा थी कि इन लोगों का जमीन विवाद काफी दिनों से चल रहा था। इसके कारण विनोद भाइयों और पिता से अलग गांव के बाहर दो कमरे बनवाकर पत्नी और बच्चों के साथ रहता था।
लोगों ने बताया कि विनोद छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। घर के अन्य सदस्य विनोद के खिलाफ एकजुट थे। विनोद की पत्नी सुमन की तहरीर पर पुलिस ने भाई मनोज शुक्ला, प्रमोद शुक्ला उर्फ नेता, प्रदीप शुक्ला, संदीप शुक्ला, आनंद शुक्ला, पिता कैलाश नाथ शुक्ला, माता धर्मशीला, निधि, नीतू, कुसुम, रिशू, खुशी, सरोजा मिश्रा और रेखा मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मृतक को 18 वर्षीय पुत्र विशेष शुक्ला और बेटी प्रिशा उर्फ गुनगुन है। बेटा इस समय अपने मामा के पास मुंबई में है। थानाध्यक्ष कश्यप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।











