मंगला एक्सप्रेस में 30 बच्चों को फूड पॉइजनिंग, खंडवा में इलाज
मंगला एक्सप्रेस में 30 स्कूली बच्चों को फूड पॉइजनिंग: 5 की हालत गंभीर, खंडवा स्टेशन पर रोककर हुआ इलाज”
खंडवा : संतोष सेठ की रिपोर्ट: THE POLITICS AGAIN
दिल्ली से केरल जा रही मंगला एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12618) में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सफर कर रहे करीब 30 स्कूली बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। ट्रेन को खंडवा स्टेशन पर रोककर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी बच्चों का तत्काल इलाज किया।
शैक्षणिक भ्रमण से लौट रहे थे त्रिचूर के छात्र
हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जा रही इस ट्रेन में केरल के त्रिचूर (Thrissur) स्थित हैप्पी कॉन्वेंट स्कूल के 30 छात्र-छात्राएं सवार थे।
- सभी बच्चे दिल्ली में अपना शैक्षणिक भ्रमण (Educational Tour) पूरा करने के बाद वापस घर लौट रहे थे।
- चलती ट्रेन में अचानक बच्चों को उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत होने लगी।
- देखते ही देखते 30 में से 5 बच्चों की हालत अत्यधिक गंभीर हो गई, जिससे ट्रेन में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पैंट्री कार के खाने से फूड पॉइजनिंग की आशंका
खंडवा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि बच्चों ने दोपहर के समय ट्रेन की पैंट्री कार से भोजन किया था।
भोजन करने के करीब चार घंटे बाद उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें शुरू हुईं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसी भोजन के कारण बच्चों को फूड पॉइजनिंग हुई।
खंडवा में 50 मिनट रुकी ट्रेन, भुसावल तक साथ गए डॉक्टर
- सूचना मिलते ही रात में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम खंडवा स्टेशन पहुंच गई। ट्रेन को करीब 50 मिनट तक स्टेशन पर रोका गया।
- डॉक्टरों ने ट्रेन के अंदर ही सभी बच्चों की जांच की और उन्हें उल्टी-दस्त की दवाएं व ORS के पैकेट उपलब्ध कराए।
- बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए रेलवे डॉक्टरों की एक विशेष टीम को एहतियात के तौर पर उनके साथ ट्रेन में भुसावल स्टेशन तक के लिए रवाना किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही खंडवा एसडीएम ऋषि सिंघाई, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, सीएसपी अभिनव बारंगे और सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल स्टेशन पहुंचे।
दो बार गहन चिकित्सा जांच के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया।











