भारतीय रेलवे ने अपने ब्रॉड गेज नेटवर्क का 97% विद्युतीकरण किया
“भारतीय रेलवे (आईआर) ने ब्रॉड गेज (बीजी) रेलवे लाइनों के विद्युतीकरण का कार्य मिशन मोड में आरंभ किया है। 2014-15 से भारतीय रेलवे ने ब्रॉड गेज (बीजी) नेटवर्क पर लगभग 45,200 किलोमीटर का विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया है। 2004-14 के दौरान लगभग 1.42 किलोमीटर/दिन से 2023-24 के दौरान लगभग 19.7 किलोमीटर/दिन तक विद्युतीकरण के कार्य में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है”
नई दिल्ली 01 / 12 / 2024 रेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जारी
वर्तमान में, भारतीय रेलवे के कुल व्यस्त नेटवर्क का लगभग 97% विद्युतीकृत हो चुका है। इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर्यावरण के अधिक अनुकूल है और डीजल ट्रैक्शन की तुलना में लगभग 70% अधिक किफायती भी है।इलेक्ट्रिक ट्रेन संचालन के लिए विश्वसनीय बिजली आपूर्ति महत्वपूर्ण है।
इस प्रणाली में राज्य और केंद्रीय प्रसारण के माध्यम से राष्ट्रीय ग्रिड से कनेक्शन सहित कई सुरक्षा उपाय शामिल हैं। निर्बाध सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए ग्रिड सबस्टेशन और ट्रैक्शन सबस्टेशन दोनों पर अतिरिक्त बिजली स्रोत उपलब्ध हैं। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।











