झारखंड – दुर्घटना की शिकार हुई हावड़ा-मुंबई मेल, मालगाड़ी से टकराई, 2 की मौत, कई घायल

“झारखंड के टाटानगर के पास मंगलवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां टाटानगर के पास चक्रधरपुर में हावड़ा से मुंबई जा रही 12810 हावड़ा-सीएसएमटी मेल के 18 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में कम से कम 2 यात्रियों की मौत, जबकि 50 लोग घायल हुए हैं। हालांकि रेलवे की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है”
झारखंड 30/07/2024 (एजेंसी)
रेलवे की टीम राहत और बचाव में जुटी है। कई यात्रियों को नजदीक के हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। वहीं राहत और बचाव के लिए पटना से एनडीआरएफ की टीम भेजी गई है। बताया गया कि इस रूट पर एक मालगाड़ी दो दिन पहले डिरेल हुई थी। मेल एक्सप्रेस उसी मालगाड़ी के डिब्बों से टकरा गई और उसकी 8-10 बोगियां बेपटरी हो गईं। कुछ डिब्बे आपस में चढ़ गए तो कई गति तेज होने के कारण बीच से मुड़ गए।
हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। तभी अचानक एक तेज आवाज और झटके के साथ कई डिब्बे एक के बाद एक पटरी से उतरते चले गए। इस हादसे के बाद ट्रेन के अंदर अफरातफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। ऊपर के बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे गिर गए।
घटनास्थल पर मुंबई मेल एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन चालक के शीशे पर मालगाड़ी का तिरपाल भी देखा गया है। जिससे लगता है कि एक्सप्रेस के चालक को घटना के दौरान आगे कुछ दिखा नहीं होगा। यह घटना मंगलवार अहले सुबह 3:45 बजे की है।
इस घटना में अब तक जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक, मुंबई मेल के 2 यात्रियों का शव एसी कोच के शौचालय में फंसा हुआ है। इसके आलावा कुछ यात्री भी एसी कोच में फंसे हुए हो सकते हैं। घायलों की संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन लगातार घायलों को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल भेजा जा रहा है।
मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल के एडीआरएम विनय कुजूर, सीनियर डीएससी पी शंकर कुट्टी, सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, चक्रधरपुर अनुमंडल जिला पुलिस एसडीपीओ पारस राणा आदि मौजूद हैं।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
हेल्पलाइन नंबर: टाटानगर (बीएसएनएल)- 0657-2290324 रेलवे: 73523 चक्रधपुर (बीएसएनएल)- 06587-238072 रेलवे: 72770 राउरकेला: 0661-2501072 0661-2500244 0661-2500191 0661-2500171 झारसुगुड़ा: 06645-272530











