जौनपुर : बच्चे आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जायेंगे

“पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कयार में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि आईएएस सुशील कुमार सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉo गोरखनाथ पटेल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया”

“जौनपुर 13 / 04 / 2025 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट” 

छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत का प्रस्तुतीकरण कर सबका मन मोह लिया। खंड शिक्षा अधिकारी शाहगंज वसंत शुक्ल द्वारा स्वागत भाषण किया गया। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पुस्तकें वितरित की। कार्यक्रम में स्कूल चलो अभियान रैली को राज्य मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चे आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जायेंगे जैसे स्लोगन बोलते हुए अभिभावकों को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर बनाया है और सरकारी स्कूल शिक्षा के प्रत्येक क्षेत्रों में नए आयाम गढ़ रहे है । इसलिए अपने बच्चों का सरकारी स्कूलों में नामांकन कराए।अभिभावकों को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ0 गोरखनाथ पटेल ने कहा कि शिक्षा वह वट वृक्ष है, जिसकी छाया में हम पुष्पित एवं पल्लवित होते हैं। शिक्षा से ही संपूर्ण विकास संभव है ।

आईएएस सुशील कुमार सिंह ने अभिभावकों को बताया कि वे भी सरकारी स्कूल से पढ़े हुए है और आज सरकारी स्कूलों में सबसे बेस्ट टीचर शिक्षण कार्य कर रहे है। अपने बच्चों को बेहतर शिक्षकों से ही तालीम दिलवाए। कार्यक्रम में राज्यस्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जीतने वाले जिला व्यायाम शिक्षक रविचंद्र यादव एवं ज्योति श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक पंकज सिंह द्वारा समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ जिला अध्यक्ष अरविंद शुक्ला, जिला मंत्री रवि चंद्र यादव, लाल साहब यादव, रामदुलार सहित छात्र छात्राएं शिक्षकगण उपस्थित रहे।