पश्चिम बंगाल / मालदा : चाची ने हत्या कर भतीजे के शव को बंकर में छिपाया, हुई गिरफ्तार

“पश्चिम बंगाल के मालदा में चाची और भतीजे के बीच अवैध संबंध थे। इसके बाद भतीजे ने चाची को शादी के लिए प्रपोज किया, लेकिन चाची ने मना कर दिया। जिसके बाद भतीजे ने अपने चाचा और उनके बच्चों को मारने की धमकी दी। इसके बाद चाची ने भतीजे की हत्या कर शव को बंकर में छिपा दिया”

मालदा 03 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम बंगाल के मालदा में एक दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां चाची ने पहले तो अपने भतीजे का मर्डर किया और इसके बाद भतीजे के शव को नए घर में बने बंकर में छिपा दिया। लगभग दो सप्ताह बाद जब पुलिस ने व्यवसायी भतीजे की तलाश शुरू की तो पुलिस को बंकर के अंदर सड़ा हुआ शव मिला।

बता दें कि मृतक का नाम सद्दाम नादाप है। इस हत्या के आरोप में चाची मौमिता हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पूरा मामला दक्षिण दिनाजपुर के तपन क्षेत्र के शिहर गांव का है। पुलिस ने बताया कि मौमिता का विवाह मालदा के पुकुरिया क्षेत्र के रहने वाले रहमान नादाप के साथ हुआ था।

पुलिस ने कहा कि वहां मौमिता का उसके पति के भतीजे सद्दाम नादाप के साथ अवैध संबंध थे। व्यवसायी सद्दाम ने यहां पहले तो चाचा का घर छोड़ दिया और फिर चाची को शादी का प्रस्ताव दिया। शादी के प्रस्ताव पर जब चाची ने मना किया तो सद्दाम ने अपने चाचा और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

इसके बाद 16 मई को मौमिता दक्षिण दिनाजपुर के तपन क्षेत्र में अपने मायके आई और सद्दाम को भी वहीं बुलाया। इसके बाद जब सद्दाम वहां पहुंचा तो उसकी चाची ने उसकी हत्या कर दी और शव को घर में बने बंकर में छिपा दिया। सद्दाम के गायब होने की खबर जब पुलिस को मिली तो पुलिस ने खोजबीन शुरू की।

पुलिस को बंकर में मिला सड़ा हुआ शव

इसके बाद पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि सद्दाम और उसकी चाची के बीच अवैध संबंध था, जिसके बाद तपन थाना पुलिस ने मौमिता हसन को गिरफ्तार कर लिया। मौमिता ने पूछताछ में अपने भतीजे के साथ अवैध संबंध और उसकी हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

बता दें कि आरोपी महिला द्वारा बताए गए स्थान पर जब सोमवार को पुलिस पहुंची और बंकर तोड़ा तो सद्दाम का सड़ा हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बालुरघाट जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।