पश्चिम बंगाल बजट 2026: विकास का 'त्रिशक्ति' विजन

पश्चिम बंगाल बजट 2026: महिलाओं को पिंक कार्ड, 1 लाख नौकरियों का ऐलान

पश्चिम बंगाल बजट 2026: महिलाओं के लिए ‘पिंक कार्ड’, 1 लाख नौकरियां और कल्याणी में नया एयरपोर्ट; जानें ‘त्रिशक्ति बजट’ के बड़े ऐलान “

कोलकाता: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पश्चिम बंगाल विधानसभा में राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 4.38 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट पेश किया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे ‘त्रिशक्ति बजट’ का नाम दिया है। इस बजट में मुख्य रूप से महिलाओं, युवाओं, किसानों और सरकारी कर्मचारियों पर विशेष फोकस किया गया है।

बजट में अन्नपूर्णा भंडार योजना, महिलाओं के लिए पिंक कार्ड, डीए (DA) में बढ़ोतरी और 1 लाख नई सरकारी नौकरियों जैसी कई बड़ी और लोकलुभावन घोषणाएं की गई हैं।

महिलाओं के लिए खुले खजाने के द्वार

  • अन्नपूर्णा भंडार योजना: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस योजना के तहत 36,000 करोड़ रुपये का विशाल बजट आवंटित किया गया है।

  • मुफ्त बस सफर और पिंक कार्ड: राज्य की महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा अब पूरी तरह मुफ्त होगी। इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं को विशेष ‘पिंक कार्ड’ जारी किए जाएंगे।

रोजगार और कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा

  • 1 लाख नई नौकरियां: सरकार ने रोजगार सृजन पर जोर देते हुए 50,000 शिक्षकों और 20,000 पुलिसकर्मियों सहित कुल 1 लाख नई भर्तियों का प्रस्ताव रखा है।

  • वेतन और भत्ते: सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाया जाएगा। सिविक वॉलेंटियर्स और ग्रीन पुलिस के वेतन में भी इजाफे की घोषणा की गई है।

  • डिलीवरी वर्कर्स के लिए सुविधा: गिग इकॉनमी को ध्यान में रखते हुए डिलीवरी ब्वॉयज के लिए एक विशेष वेलफेयर कमिटी बनेगी। उनके लिए जगह-जगह पीने का पानी और मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था की जाएगी।

  • पेंशन योजना: रिटायर हो चुके पत्रकारों को 5,000 रुपये और राजनीतिक कारणों से जेल गए लोगों को 10,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और उद्योग (मेगा प्रोजेक्ट्स)

  • नया एयरपोर्ट: कल्याणी के पास एक नया ‘ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट’ (Greenfield Airport) विकसित किया जाएगा, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

  • डीप-सी पोर्ट और आईटी पार्क: पूर्वी मेदिनीपुर के दादानपात्राबाढ़ में एक इंटीग्रेटेड डीप-सी पोर्ट, दुर्गापुर में सेमीकंडक्टर यूनिट और सिलीगुड़ी में नया आईटी पार्क स्थापित होगा।

  • कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज (CSE): राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार ने इसे फिर से सक्रिय करने का प्रस्ताव रखा है।

  • घाटाल मास्टर प्लान: मेदिनीपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 1,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य में बड़ा निवेश

  • IIT और IIM: उत्तर बंगाल को शिक्षा का नया हब बनाने की दिशा में वहां IIT और IIM स्थापित करने की घोषणा की गई है।

  • चिकित्सा और अस्पताल: उत्तर बंगाल में एक अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल बनेगा। राज्य के 13 मेडिकल कॉलेजों में 650 नई MBBS सीटें बढ़ाई जाएंगी।

  • मरीजों के लिए सुविधा: इलाज के लिए मुंबई और वेल्लोर जाने वाले मरीजों व उनके परिजनों के लिए वहां कम लागत वाली आवास सुविधा (गेस्ट हाउस) उपलब्ध कराई जाएगी।

  • मिड-डे मील: प्राथमिक स्कूलों में मिड-डे मील की राशि बढ़ाकर 10 रुपये की जाएगी और बच्चों के लिए वाटर प्यूरीफायर लगेंगे।

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया ‘त्रिशक्ति बजट’ बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह बजट एक ‘त्रिशक्ति बजट’ है, जो विकास, सुरक्षा और जन-कल्याण का संगम है।

उन्होंने कहा कि इसमें महिलाओं की सुविधा व सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है, किसानों के हितों की रक्षा की गई है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए गए हैं।