Uttarakhand Board Result : हाईस्कूल में कमल और जतिन ने किया टॉप

“परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे करीब सवा दो लाख छात्रों का इंतजार खत्म हुआ। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की ओर से कक्षा 10वीं -12वीं के नतीजों की घोषणा की गई। इसी के साथ बोर्ड के टॉपर छात्र भी मिल गए “

नैनीताल 19/04/2025 रिपोर्ट संतोष सेठ 

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर बोर्ड की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षाफल शनिवार को जारी हो गया है। बोर्ड परीक्षा में इस बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी है। हाईस्कूल में  विवेकानंद वीएमआईसी मंडलशेरा बागेश्वर के कमल सिंह चौहान और जतिन जोशी, एचजीएस एसवीएम आईसी कुसुमखेड़ा हल्द्वानी ने प्रदेश में टॉप किया है।

छात्रों ने 500 में से 496 अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। वहीं, इंटरमीडिएट में राजकीय इंटर कॉलेज भादसी देहरादून की अनुष्का राणा ने 500 में से 493 अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। बोर्ड के सभापति डॉ. मुकुल सती ने उत्तराखंड बोर्ड का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम सुबह साढ़े 11 बजे घोषित किया।

हाईस्कूल में उत्तीर्ण प्रतिशत 90.77 रहा। इसमें 88.20 फीसदी छात्र और  93.25 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं।जबकि इंटरमीडिएट में कुल 83.23  फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें  80.10 फीसदी छात्र और 86.20  फीसदी छात्राएं पास हुई हैं।