“उत्तर प्रदेश की उपचुनाव वाली 9 विधानसभा सीटों पर आज मतदान होगा। इन सीटों पर कुल 3435974 मतदाता हैं। जबकि, 11 महिलाओं समेत 90 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गाजियाबाद और सबसे कम सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष तैयारियां की हैं”
लखनऊ संतोष सेठ की रिपोर्ट
मीरापुर (मुजफ्फरनगर), कुन्दरकी (मुरादाबाद), गाजियाबाद, खैर सुरक्षित (अलीगढ़), करहल (मैनपुरी), सीसामऊ (कानपुर नगर), फूलपुर (प्रयागराज), कटेहरी (अम्बेडकरनगर) और मझवां (मिर्जापुर) सीट पर 20 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इन नौ सीटों पर 1846846 पुरुष, 1588967 महिला और 161 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। सबसे अधिक 14 उम्मीदवार गाजियाबाद और सबसे कम 5-5 उम्मीदवार खैर व सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं।
विधायकों के सांसद बन जाने से खाली हुई सीटें
यूपी में 20 नवंबर को फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां, खैर, मीरापुर, सीसामऊ, कटेहरी, करहल और कुंदरकी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इसमें कानपुर की सीसामऊ सीट को छोड़कर अन्य सभी सीटें विधायकों के सांसद बन जाने की वजह से खाली हुई हैं।
कानपुर जिले की सीसामऊ से इरफान सोलंकी के जेल जाने की वजह से सीट पर उपचुनाव हो रहा है। अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट को लेकर अभी कोई ऐलान नहीं हुआ है। मिल्कीपुर सीट पर मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव में कुल 1917 मतदान केंद्रों के 3718 मतदेय स्थल (पोलिंग बूथ) पर मतदान होगा। इन मतदेय स्थलों में 1237 संवेदनशील हैं। मतदान पर पैनी नजर रखने के लिए आयोग ने 9 सामान्य प्रेक्षक, 5 पुलिस प्रेक्षक और 9 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किए हैं।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्धसैनिक बलों को
चप्पे-चप्पे पर अर्धसैनिक बल, वीडियोग्राफी भी होगी रिणवा ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अर्धसैनिक बलों को दी गई है।
1994 मतदेय स्थल पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। 434 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है। बूथों पर जो मतदाता शाम 5 बजे उपस्थित रहेंगे, वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
मतदाता फोटो पहचान पत्र के अलावा ये 12 अन्य पहचान पत्र भी होंगे मान्य
आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों या डाकघरों की ओर से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र, यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड।