Air India flight from Phuket to Delhi encountered severe turbulence safely landing at Delhi airport.

फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया फ्लाइट को टर्बुलेंस

बड़ा हादसा टला: फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को हुआ भयंकर टर्बुलेंस, कुछ यात्री और क्रू मेंबर घायल”

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

थाईलैंड के खूबसूरत शहर फुकेत से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI2379 को हवा में गंभीर टर्बुलेंस (हवा के भारी झटकों) का सामना करना पड़ा।

हालांकि, पायलटों की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है,

लेकिन विमान के झटकों की वजह से कुछ यात्रियों और चालक दल (Crew) के सदस्यों को मामूली चोटें जरूर आईं हैं।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने क्या दी जानकारी?

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान ने दिल्ली में पूरी तरह सुरक्षित लैंडिंग की।

लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि,

“एहतियात के तौर पर जिन यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें तुरंत मेडिकल जांच और उपचार के लिए हवाई अड्डे के चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। एअर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल कर्मचारी लगातार उनकी देखभाल और सहायता में जुटे हैं।”

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि: एअर इंडिया

एअर इंडिया ने अपने बयान में दोहराया है कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और उनका स्वास्थ्य उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

प्रभावित लोगों को हरसंभव जरूरी मदद मुहैया कराई जा रही है। इसके साथ ही, इस टर्बुलेंस की घटना को लेकर संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ मिलकर पूरी जांच की जा रही है और हर स्तर पर पूरा सहयोग दिया जा रहा है।