चंबा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस पलटने से 7 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश: चंबा में दर्दनाक हादसा, तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर बस पलटने से चालक-परिचालक समेत 7 की मौत”
चंबा (हिमाचल प्रदेश): द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
इस भयंकर हादसे में बस में सवार सात लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बैरागढ़ से चंबा जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, ‘शर्मा बस’ सेवा की यह प्राइवेट बस सुबह बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी। बस में लगभग 15 से 20 यात्री सवार थे। चालुज मोड़ के पास पहुंचते ही चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।
मृतकों में बस का ड्राइवर और कंडक्टर भी शामिल
इस भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले 7 लोगों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में बस का चालक (ड्राइवर) और परिचालक (कंडक्टर) भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में कोहराम मच गया।
घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर दौड़े और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
और सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल तीसा भेजा गया है, जहां कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
तीसा थाने के एडिशनल एसएचओ अनुभव शर्मा ने इस घटना और मौतों की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी तकनीकी खराबी की वजह से।











