संसद में सपा का प्रदर्शन: राम मंदिर ‘चंदा चोरी’ पर सरकार पर बोला हमला
संसद परिसर में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन: राम मंदिर ‘चंदा चोरी’ के विरोध में बोरी लेकर पहुंचे सपा सांसद, डिंपल यादव का सरकार पर तीखा हमला”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
संसद के मानसून सत्र के 18वें दिन राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में कथित धांधली और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) समेत विपक्षी दलों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
बुधवार को सपा सांसद संसद परिसर में ‘चंदे की बोरी’ और दान पेटी लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आस्था में चोरी का आरोप: डिंपल यादव
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “इस सरकार की पिछले 10 सालों में एक ही खूबी रही है कि भ्रष्टाचार हर विभाग में पूरी तरह से अंदर तक घुस गया है।
ये लोग सनातन की बात करते थे, लेकिन इन्होंने लोगों की आस्था में भी चोरी करने का काम किया है।”
कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर में चढ़ेगा 1.57 लाख का चंदा
सपा सांसदों ने जानकारी दी कि उनके इस प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन के दौरान संसद परिसर में अब तक 1 लाख 57 हजार रुपये का चंदा इकट्ठा हो चुका है।
पार्टी ने फैसला किया है कि सत्र समाप्त होने के बाद यह पूरी राशि कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में जमा करवा दी जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने ‘चंदा चोर’ और ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ लिखे बैनर-पोस्टर लहराए।
विपक्ष लगातार इस मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने और राम मंदिर के चंदे के हिसाब-किताब में पूरी पारदर्शिता बरतने की मांग कर रहा है। इससे पहले मंगलवार को भी सपा सांसद संसद में दान पेटी लेकर पहुंचे थे।
पप्पू यादव ने साधु के भेष में किया था प्रदर्शन, राहुल ने भी दिया था चंदा
विपक्ष का यह अनोखा विरोध पिछले कई दिनों से जारी है। इससे पहले 31 जुलाई को पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी इसी मुद्दे पर साधु के भेष में संसद के बाहर प्रदर्शन किया था।
वे पूरी तरह भगवा वस्त्र धारण कर और गले में रुद्राक्ष की माला पहनकर दानपेटी लेकर पहुंचे थे। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उनकी दानपेटी में पैसे डालकर इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में अपना समर्थन जताया था।
विहिप (VHP) ने खोला मोर्चा, साढ़े तीन लाख गांवों में जाएंगे संत
विपक्ष के इन प्रदर्शनों के खिलाफ अब विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने भी मोर्चा खोल दिया है। विहिप ने देशभर के करीब साढ़े तीन लाख गांवों में साधु-संतों को भेजने का फैसला किया है।
ये संत गांवों में जाकर सांसद पप्पू यादव और अन्य विपक्षी नेताओं के इस कदम और बयानों के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे।











