सोलन – चिट्टे का मुख्य सप्लायर बिलासपुर से गिरफ्तार, 41 केस दर्ज

“दाड़लाघाट में दो नवंबर को चिट्टे के साथ गिरफ्तार दो आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य सप्लायर को बिलासपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को लेकर पुलिस सोलन पहुंच गई। आरोपी से 48,550 रुपये की नकदी भी बरामद की है। आरोपी पर कुल 41 मामले दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है”

सोलन 19 / 11 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पुलिस के अनुसार दो नवंबर को दाड़लाघाट क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने प्रवीण कुमार और योगेश कुमार निवासी गांव व डाकघर मझवाड घुमारवीं जिला बिलासपुर को 10 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था।

दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चिट्टा पंजगाई निवासी पिंटू नामक व्यक्ति से खरीदा था।

आगामी जांच के दौरान 17 नवंबर को पुलिस थाना दाड़लाघाट की टीम ने मुख्य आरोपी अनिल उर्फ पिंटू (45) निवासी घन डाकखाना पंजगाई तहसील सदर जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।

अनिल उर्फ पिंटू नशे का एक बहुत बड़ा सप्लायर है, जो युवकों को काफी समय से चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है।