सोलन – दुकानों से 25 किलो फल और 74 किलो सब्जियां जब्त
“अधिक दाम वसूलने और मूल्य सूची न लगाने पर प्रशासन की कार्रवाई, एसडीएम डॉ. पूनम की अध्यक्षता में टीम ने दुकानों का किया निरीक्षण”
सोलन 05 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
शहर में जिला प्रशासन की टीम ने निरीक्षण कर सात दुकानों से 25 किलो फल और 74 किलो सब्जियां जब्त कर ली हैं। दुकानदारों की ओर से ग्राहकों से फल एवं सब्जियों के अधिक दाम वसूलने और मूल्य सूची न लगाने पर कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान दुकानदार खरीद बिल भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके चलते जिला प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की है।
साथ ही दुकानदारों को हिदायत दी है कि दुकानों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करें। इसी के साथ सब्जी मंडी से खरीदारी के बिल भी अपने पास रखें।
शुक्रवार को एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बंसल की अध्यक्षता में कार्रवाई की गई। टीम में खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि शहर में सब्जी और फलों के अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। टीम ने बाजार का निरीक्षण किया।
इसी के साथ उचित मूल्यों की दुकानों में राशन के भंडारण और रखरखाव की स्थिति को भी जाना। निरीक्षण के दौरान उचित मूल्यों की दुकान में टीम ने चीनी का सैंपल भरा है।
यह सैंपल लोअर बाजार स्थित दुकान से भरा गया है। साथ ही सभी उचित मूल्यों की दुकानों में तैनात कर्मियों को राशन के सही रखरखाव को लेकर निर्देश दिए गए हैं।











