बद्दी – सब्जी मंडी के समीप दुकान में लगी आग, दो लाख का हुआ नुकसान
“बद्दी की सब्जी मंडी के साथ लगती एक दुकान में आग भड़क गई। आग से दो लाख का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का कोई पता नहीं चला है। अग्निशमन विभाग की टीम ने दो घंटे में आग पर काबू पाया”
बद्दी 05 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
यह हादसा शुक्रवार तड़के 3:30 बजे हुआ। संतोष गुप्ता की दुकान में धुआं उठने लगा तो साथ लगते लोगों ने इसकी सूचना दी। संतोष गुप्ता जब तक मौके पर पहुंचे दुकान में रखा सामान पूरी तरह से जल चुका था।
संतोष गुप्ता ने आरोप लगाया कि दुकान में किसी ने जानबूझ कर आग लगाई है। आग लगाने से पहले सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए थे। साथ लगती किराना की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कपड़ा डाला गया था।
साथ ही कंप्यूटर की दुकान के सीसीटीवी कैमरे की तार काटी गई थी। उसके बाद अज्ञात लोगों ने उसकी दुकान को आग लगाई। उन्होंने इसकी शिकायत बद्दी पुलिस थाने में दी है।
उधर, फायर ऑफिसर हेमराज ने बताया कि सूचना मिलते ही छह सदस्यों की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखा सारा समान जल गया। साथ लगती दुकान को सुरक्षित बचा लिया गया। आग से दो लाख रुपये का नुकसान आंका गया है।











