शाहगंज – आई जी के कड़े तेवर देख पुलिस कर्मियों के छूटे पसीने, जिले की सबसे बेकार सर्किल शाहगंज को बताया
“पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी मोहित गुप्ता ने शनिवार को 11 बजे शाहगंज कोतवाली पहुंचकर निरीक्षण किया। आईजी को सर्किल में अपराध अधिक होने की शिकायत मिली थी। निरीक्षण के दौरान आईजी ने सर्किल के सभी थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर, दरोगा, सिपाही, मुंशी और सीओ की बैठक ली। इस दौरान कोतवाल समेत सभी को फटकार लगाते हुए कहा कि शाहगंज से हमारे पास सबसे अधिक शिकायतें आ रही हैं। जिसका सीधा सा मतलब है कि सर्किल में पुलिस वाले सो रहे हैं”
शाहगंज 01 / 12 / 2024 कमलेश राव की रिपोर्ट
उन्होंने सीधा कहा कि थानों पर बैठकर सिर्फ पंचायत करने में लगे हैं। आई जी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिसके हल्के में अपराध होगा उस हल्के के दरोगा और बीट सिपाही ज़िम्मेदार होंगे। जिन्हें दण्डित किया जाएगा। किसी भी पुलिसकर्मी को अपराध में लिप्त पाए जाने पर उनकी वर्दी तो जाएगी ही जेल भी भेजने का काम किया जाएगा।
आईजी ने कहा कि किसी भी केस में क्रास एफआईआर नहीं दर्ज होना चाहिए। अति आवश्यक हो तो पुलिस अधीक्षक के आदेश पर ही दर्ज करें। उन्होंने निर्देश दिए कि तीन वर्ष से अधिक एक स्थान पर तैनात और जिन पुलिसकर्मियों की शिकायत मिल रही है। उनकी समीक्षा कर स्थानांतरित करे।
आईजी ने कहा कि कोतवाली में आने वाले फरियादियों से अच्छा व्यवहार करें। भूमि विवाद को राजस्व विभाग के साथ टीम बनाकर हल करें। निरीक्षण के दौरान कोतवाली के मालखाने, अपराध रजिस्टर सहित असलहे आदि की जांच कर संतुष्टि जतायी। इस दौरान जवानों ने परेड कर सलामी दी।
साथ ही जवानों का टर्नआउट एवं ड्रील को भी देखा। उन्होंने कोतवाली परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी, होमगार्ड तथा चौकीदारों का परिचय लिया। क्षेत्र के जनहित समस्याओं के बारे में जानकारी ली। प्राप्त प्रार्थना पत्र का तुरंत निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया।
अपराध गोष्ठी में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी डा. अजय पाल शर्मा, एडिशनल एसपी, सीओ अजीत सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह समेत खेतासराय, खुटहन, सरपतहा के थानाध्यक्ष समेत सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौजूद रही।
इस मौके पर समाजसेवी एवं भाजपा नेता अनिल मोदनवाल, वेद प्रकाश जायसवाल, धीरज पाटिल समेत सभासद गणेश चौहान, अर्पित जायसवाल ने नगर व क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। कोतवाली गेट पर रीमा नाम की एक पीड़ित महिला रोते हुए पहुंची।
आईजी को रोककर प्रार्थना पत्र दिया और कहा कि साहब मेरा पति मुन्ना निवासी ढंडवारा कला जो पड़ोस के ही धर्मेंद्र के साथ कमाने चार माह पूर्व दिल्ली गया था। डेढ़ माह पहले धर्मेद्र तो आ गया, लेकिन पति नहीं आए। पति का कुछ भी पता नहीं चल रहा। न ही उनसे कोई सम्पर्क हो पा रहा है।
धमेंद्र से पूछने पर वह भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाई नहीं हुई। आईजी ने महिला के प्रार्थना पत्र पर पुलिस को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।











