1 अक्टूबर से वॉट्सऐप बिजनेस पर मैसेज भेजना होगा चार्जेबल
1 अक्टूबर से वॉट्सऐप बिजनेस पर मैसेज भेजना नहीं रहेगा फ्री, प्रति मैसेज लगेगा चार्ज; 30 सितंबर तक पेमेंट मेथड जोड़ना अनिवार्य”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
मेटा (Meta) के स्वामित्व वाले दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप (WhatsApp) ने कारोबारियों के लिए एक बड़ा बदलाव किया है।
1 अक्टूबर 2026 से वॉट्सऐप बिजनेस (WhatsApp Business) पर मैसेज भेजने की मुफ्त सेवा समाप्त होने जा रही है।
अब बिजनेस अकाउंट्स को ग्राहकों से संपर्क साधने के लिए प्रत्येक मैसेज का चार्ज देना होगा। कंपनी ने साफ किया है कि यह नियम केवल बिजनेस रजिस्टर करने वाले यूजर्स पर लागू होगा; आम वॉट्सऐप यूजर्स के लिए मैसेज भेजना पहले की तरह ही पूरी तरह मुफ्त रहेगा।
गौरतलब है कि प्लेटफॉर्म ने कारोबारी सेवाओं का विस्तार करते हुए इसी साल मई में ‘WhatsApp Plus’ सेवा भी शुरू की थी।
30 सितंबर तक पेमेंट मेथड अनिवार्य, वरना रुक जाएगी डिलीवरी
मार्क जुकरबर्ग की कंपनी ने सभी वॉट्सऐप बिजनेस यूजर्स को सख्त हिदायत दी है कि वे 30 सितंबर तक अपने अकाउंट में ‘पेमेंट मेथड’ (Payment Method) जरूर लिंक कर लें।
-
यदि कोई कारोबारी ऐसा नहीं करता है, तो 1 अक्टूबर से उनके द्वारा भेजे गए मैसेज ग्राहकों को डिलीवर नहीं होंगे।
-
यह चार्ज विशेष रूप से उन 24 घंटे कस्टमर सर्विस विंडो वाले मैसेजेस के लिए भी वसूला जाएगा, जो अब तक व्यापारिक संवाद का मुख्य हिस्सा रहे हैं।
बदलेगा चार्जिंग का दायरा: अब टेम्प्लेट के साथ कस्टमर सर्विस भी चार्जेबल
मौजूदा व्यवस्था में मेटा केवल मार्केटिंग, यूटिलिटी और ऑथेंटिकेशन टेम्प्लेट मैसेजेस के लिए ही बिजनेस यूजर्स से शुल्क लेता है।
-
बीते समय में, नॉन-टेम्प्लेट सर्विस को 1 नवंबर 2024 से और 24 घंटे कस्टमर सर्विस वाले मैसेजेस को 1 जुलाई 2025 से पूरी तरह फ्री कर दिया गया था।
-
लेकिन, 1 अक्टूबर 2026 से वॉट्सऐप अपनी नीति में बदलाव करते हुए इन दोनों सेवाओं (टेम्प्लेट और 24 घंटे कस्टमर सर्विस मैसेज) को चार्जेबल श्रेणी में ला रहा है।
कितना होगा चार्ज? टोकन सिस्टम से तय होगी कीमत
मेटा ने 1 सितंबर को ही वॉट्सऐप बिजनेस सर्विस के लिए मैसेज चार्ज की नई दरें निर्धारित कर दी थीं।
अब यूजर्स से ‘टोकन-बेस्ड’ (Token-Based) चार्ज वसूला जाएगा। यह शुल्क एआई (AI) प्रोसेसिंग और मैसेज डिलीवरी दोनों को कवर करेगा।
-
ग्लोबल प्राइसिंग: अमेरिका में बिजनेस यूजर्स को 1 मिलियन (10 लाख) टोकन के लिए 2 डॉलर (लगभग 180 रुपये) का चार्ज देना होगा। हालांकि, भारत के लिए विशिष्ट प्राइसिंग का खुलासा अभी नहीं हुआ है।
-
प्रति मैसेज खर्च: वॉट्सऐप बिजनेस पर एक मैसेज भेजने में 20,000 से लेकर 25,000 टोकन तक खर्च होंगे। इसका सीधा अर्थ है कि 10 लाख टोकन खरीदकर कारोबारी केवल 35 से 40 मैसेज ही भेज पाएंगे।
-
अनुमानित लागत: भारतीय मुद्रा के हिसाब से गणना की जाए, तो वॉट्सऐप बिजनेस पर प्रति मैसेज कारोबारी को करीब 4 रुपये का चार्ज वहन करना पड़ सकता है।











