Rescue teams searching for drowned youth Ankit in an overflowing drain in Sarita Vihar, Delhi.

दिल्ली में बारिश का कहर: उफनते नाले में गिरे युवक की मौत

दिल्ली में बारिश का कहर: उफनते नाले में बहने से 18 वर्षीय युवक की मौत, कई इलाके जलमग्न”

 नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में झमाझम बारिश जहां कुछ लोगों के लिए राहत लेकर आई, वहीं कई इलाकों में यह आफत बन गई है।

शनिवार को सरिता विहार इलाके में एक बड़ा हादसा सामने आया। मदनपुर खादर के प्रियंका कैंप में शुक्रवार शाम एक ओवरफ्लो हो रहे नाले की पुलिया से फिसलकर तेज बहाव में बहे 18 वर्षीय युवक अंकित का शव 24 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया है।

‘थोड़ी देर में घर आऊंगा’… और फिर आई मनहूस खबर

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के अनुसार, भीम कॉलोनी का रहने वाला अंकित नोएडा सेक्टर-62 में काम करता था।

  • शुक्रवार रात वह अपने दोस्त मनीष के साथ घर लौट रहा था। पुलिया से गुजरते वक्त पैर फिसलने से वह सीधे नाले में जा गिरा।

  • पिता सुनील कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे अंकित से बात हुई थी, तब उसने कहा था- “रास्ते में हूं, थोड़ी देर में घर आऊंगा।” लेकिन कुछ देर बाद उसके दोस्त मनीष का फोन आया कि अंकित नाले में बह गया है।

  • बारिश के कारण नाले का बहाव बहुत तेज था। पुलिस, डीडीएमए (DDMA), फायर सर्विस और गोताखोरों की टीम ने लगातार 24 घंटे का सर्च ऑपरेशन चलाया, तब जाकर शव नहर से बरामद हुआ।

  • स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस पुलिया पर यह हादसा हुआ, वहां किनारे पर कोई बैरिकेडिंग या बाउंड्री नहीं है, जिससे यह रास्ता बेहद खतरनाक बन चुका है।

सदर बाजार में घुटनों तक पानी, अगस्त की औसत बारिश का कोटा पूरा

लगातार हो रही बारिश से दिल्ली का बुनियादी ढांचा एक बार फिर बेनकाब हो गया। सदर बाजार की संकरी गलियों में घुटनों तक गंदा पानी भर गया,

जिससे दुकानदारों और खरीदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कालिंदी कुंज बॉर्डर, आईटीओ, और महरौली-बदरपुर रोड पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला।

मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में बारिश के रिकॉर्ड टूट रहे हैं:

  • सफदरजंग में शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 98.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो पिछले दो वर्षों में अगस्त के एक दिन की सर्वाधिक बारिश है।

  • पुष्प विहार में सबसे ज्यादा 230.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

  • महीने के शुरुआती आठ दिनों में ही सफदरजंग में 225.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो अगस्त के पूरे महीने के दीर्घकालिक औसत (233.1 मिमी) के बेहद करीब है।