प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज काशी दौरे पर आएंगे, सभी तैयारियां पूर्ण 

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीसरे कार्यकाल के दूसरे दौरे पर आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं। आज पीएम मोदी करीब 2870 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली बनारस के नए एयरपोर्ट की बिल्डिंग का भी शिलान्यास करेंगे”
 
वाराणसी 20 / 10 / 2024 वरिष्ठ संवाददाता वरुण यादव की रिपोर्ट 
 
पीएम मोदी कुल 5 घंटे काशी में रहेंगे। वह कुल 23 परियोजनाओं के 6611 करोड़ रुपये की सौगात पूरे देश को देंगे। इन में यूपी 7 शहरों के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और बिहार की भी परियोजनाएं शामिल हैं।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 01:30 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्रीय व कैबिनेट मंत्री उनका स्वागत करेंगे।
 
प्रधानमंत्री यहां से सीधे सड़क मार्ग से माधोपुर संदहा रोड पर बने शंकर नेत्रालय पहुंचेंगे। कांची कामकोटि मठ के शंकराचार्य स्वामी विजयेंद्र सरस्वती प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।
 
इस दौरान यहां पर मौजूद वाराणसी के कुछ उद्योगपति और व्यापारी वर्ग के लोग भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं। दौरे के दौरान पीएम मोदी लगभग 30 किमी तक सड़क यात्रा करेंगे।
 
वह चार विधानसभा क्षेत्र से गुजरेंगे। हर मार्ग पर काशीवासियों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। 2870 करोड़ की लागत से लालबहादुर शास्त्री एयरपोर्ट का 75 हजार वर्गमीटर एरिया और सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही रनवे का भी विस्तार होगा।
 
प्रथम चरण में 100 करोड़ की लागत से बनने वाली न्यू टर्मिनल बिल्डिंग का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिलान्यास करेंगे। रनवे का विस्तार होने से यहां अमेरिकी राष्ट्रपति के खास विमान अमेरिकी एयर फोर्स-वन के साथ बोइंग 777 जैसे बड़े विमान भी आसानी से लैंड कर सकेंगे। एयरपोर्ट विस्तारीकरण से सात गांवों का नाम मिट जाएगा।
 
इंटीग्रेटेड टर्मिनल में गंगा घाट, मंदिर और सारनाथ के प्रतीक दिखेंगे। कुल मिलाकर नया लुक विकसित देशों के एयरपोर्ट की तरह हाईटेक होने के साथ भारतीय संस्कृीति का संदेश देगा।
 
नए एयरपोर्ट भवन की छत स्टील और फर्श ग्रेनाइट की होगी। पोर्टिको में वेद मंत्र लिखे दिखेंगे तो पूरे भवन में काशी की ऐतिहासिकता और पौराणिकता दिखेगी।
 
आज उनके वाराणसी के दौरे में सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्टेडियम के फेज-2 व फेज-3 का उद्घाटन प्रस्तावित है।
 
पीएम 2023 में फेज-1 का उद्घाटन कर चुके हैं। स्टेडियम निर्माण से 20 से अधिक खेलों के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्म पर प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
 
डॉ. संपूर्णानंद सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम का पुनर्विकास 325.65 करोड़ की लागत से हुआ है। स्टेडियम की इमारत ग्रिहा के मानक के अनुसार बनाई गई है।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल का हब बन रहा है। खेल के मूलभूत ढांचे को सुधारने के साथ खिलाड़ियों को अच्छा माहौल भी मिला है।
 
इससे अंतरराष्ट्रीय मैचों में पदकों की संख्या भी बढ़ी है। इस स्टेडियम के निर्माण से पूर्वांचल की मिट्टी से अब और अंतरराष्ट्रीय खिलाडी निकलेंगे।
 
काशी में मल्टी स्पोर्ट्स, मल्टी लेवल आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. डी वासुदेवन ने बताया कि तीन फेज में डॉ. संपूर्णानंद सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम का पुनर्विकास 325.65 करोड़ से अधिक की लागत से हुआ है।
 
स्टेडियम में इनडोर और आउटडोर दोनों सुविधा रहेगी। प्रधानमंत्री के हाथों प्रो पुअर प्रोजेक्ट योजना के उद्घाटन के साथ ही सारनाथ में 286 वेंडरों को वेंडिंग कार्ट बांटी जाएगी।
 
वीडीए की ओर से शुक्रवार को पुरातात्विक संग्रहालय के पास कैंप लगाकर लाभार्थियों का सत्यापन किया गया है। संग्रहालय के मुख्य द्वार से सारनाथ मुख्य चौराहे तक वेंडिंग जोन में आने वाले वेंडिंग लाभार्थियों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रो पुअर प्रोजेक्ट के तहत वेंडिंग कार्ट दी जाएगी।
 
इसके अलावा अन्य बड़ी योजनाओं का भी उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा।