प्रयागराज – जेई पर प्रतियोगी छात्रा से दुष्कर्म गर्भपात कराने में दर्ज हुआ केस
“कैंट में रहने वाली प्रतियाेगी छात्रा ने दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने के आरोप में विद्युत विभाग में तैनात जेई पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया गया। बाद में आरोपी शादी से मुकर गया और बदनाम करने की धमकी दी”
प्रयागराज 08 / 10 / 2024 उदय प्रताप सिंह की रिपोर्ट
स्थानीय संवाददाता के अनुसार छात्रा राजापुर में रहती है जो गैरजनपद की रहने वाली है। 2017 में उसकी पहचान सुनील कुमार मौर्या निवासी बनकट, थाना-कपसेठी, जनपद-वाराणसी से हुई।
आरोप है कि 2021 में सुनील ने कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है और इस तरह से झांसा देकर लगातार उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा।
वह गर्भवती हुई तो बहला फुसलाकर नोएडा स्थित अपने आवास पर ले गया और जबरदस्ती दवा खिला दी जिससे गर्भपात हो गया। हालत में सुधार होने पर उसने पुलिस से शिकायत की बात कही तो आरोपी ने जल्द शादी करने का आश्वासन दिया।
जुलाई 2023 में उसने अपना ट्रांसफर नोएडा सेक्टर 66 में करा लिया और फिर उसे वहां बुलाकर उसकी फोटो, वीडियो और प्राइवेट बातों को अपने फोन में रिकाॅर्ड कर लिया। फिर गालीगलौज करते हुए धमकाया।
शिकायत पुलिस से करने पर चेहरा तेजाब से जलाने व परिवार की हत्या के साथ ऑडियो, वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी। कैंट प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।











