PM Narendra Modi addressing the 57th convocation ceremony of IIT Delhi.

IIT दिल्ली में पीएम मोदी: ‘मैं बाबा बागेश्वर नहीं, लेकिन…’

IIT दिल्ली में पीएम मोदी का मजाकिया अंदाज: बोले- “मैं बाबा बागेश्वर तो नहीं, लेकिन आपके मन की बात जानता हूं”

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह (Convocation Ceremony) में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

 

इस दौरान पीएम मोदी एक अलग और हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। उन्होंने ग्रेजुएट होने वाले छात्रों को बधाई देते हुए ‘बाबा बागेश्वर’ का जिक्र कर सभी के चेहरों पर मुस्कान ला दी।

इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को भविष्य के लिए प्रेरित किया और शिक्षकों व सपोर्ट स्टाफ का आभार जताने की सलाह दी।

“मैं बाबा बागेश्वर नहीं, लेकिन…”

समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने छात्रों की भावी योजनाओं और चिंताओं को समझते हुए मजाकिया लहजे में कहा,

“आज आप सब इस प्रोग्राम में मौजूद हैं, लेकिन मन के किसी कोने में कुछ और चल रहा होगा। मैं तो बाबा बागेश्वर नहीं हूं, लेकिन कुछ तो चलता होगा।”

उन्होंने आगे कहा कि हर छात्र के मन में आने वाले कल की तस्वीर होगी—कोई पहली सैलरी का इंतजार कर रहा होगा, कोई नए शहर जाने की तैयारी में होगा, तो कोई नए स्टार्टअप का सपना देख रहा होगा।

हर किसी का रास्ता और सपना अलग है, लेकिन इस नए सफर की शुरुआत के लिए सभी उत्साहित हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि इस पल को पूरी तरह से जिएं।

“परफेक्ट टेन” समेत मेडल प्रदान किए, लड़कियों की संख्या पर कही यह बात

इस गरिमामयी समारोह में पीएम मोदी ने होनहार छात्रों को संस्थान के प्रतिष्ठित सम्मान—प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल, डायरेक्टर गोल्ड मेडल, शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल और परफेक्ट टेन गोल्ड मेडल प्रदान किए। पदक विजेताओं को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा,

“अगर इनमें कुछ और लड़कियां होतीं तो और भी अच्छा होता। सिर्फ एक या दो क्यों? और भी होनी चाहिए थीं।”

उन्होंने कहा कि जैसे आज आपके परिवार गर्व महसूस कर रहे हैं, वैसे ही पूरे देश को आप पर गर्व है।

“जाने से पहले हर सदस्य से जरूर मिलें”

प्रधानमंत्री ने छात्रों को भावुक करते हुए कहा कि जब भविष्य में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, तो इस कैंपस की यादें बहुत आएंगी।

उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने शिक्षकों, मेंटर और उस ‘सपोर्ट स्टाफ’ को कभी न भूलें जिन्होंने इस जगह को उनका घर बनाया। “जाने से पहले यहां के हर सदस्य से जरूर मिलें और उन्हें धन्यवाद दें,” पीएम ने कहा।

‘परम प्रज्ञा’ सुपरकंप्यूटर का किया उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने IIT दिल्ली के सोनीपत कैंपस में स्थापित एआई-पावर्ड हाई-परफॉर्मेंस सुपरकंप्यूटिंग फैसिलिटी ‘परम प्रज्ञा’ (Param Pragya) का भी उद्घाटन किया।

इस अत्याधुनिक सुविधा से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस और एडवांस्ड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में संस्थान की क्षमताओं में अभूतपूर्व वृद्धि होने की उम्मीद है।

बता दें कि इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा से भी मुलाकात की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं।