ओडिसा : पुरी में जगन्नाथ मंदिर के सेवक की दिनदहाड़े हत्या
“पुरी जगन्नाथ मंदिर के वरिष्ठ सेवक जगन्नाथ दीक्षित की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। इस मामले में एक चौंकाने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है”
पुरी 11 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
ओडिशा के पुरी में बुधवार को स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर जहां एक ओर पूरी व्यवस्था और सुरक्षा के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का स्नान यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर एक दर्दनाक खबर ने पूरे पुरी वासियों को झकझोर कर रख दिया।
श्रीजगन्नाथ मंदिर के एक वरिष्ठ सेवक, जगन्नाथ दीक्षित की हत्या हो गई। जगन्नाथ दीक्षित ‘सूपकार सेवायत’ यानी रसोई सेवा से जुड़े हुए थे। बुधवार सुबह उन्होंने स्नान यात्रा की सेवा पूरी की थी। इसके कुछ घंटे ही बाद उनकी लाश खून से लथपथ हालत में मिली।
उधार दिए पैसे मांगने गए थे
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ दीक्षित स्नान यात्रा की सेवा संपन्न करने के बाद नारायण पटजोशी नामक एक व्यक्ति के घर गए थे। बताया जा रहा है कि दीक्षित ने पटजोशी को कुछ पैसे उधार दिए थे और वे वही पैसा वापस मांगने गए थे। इसकी के बाद उनकी लाश पटजोशी के घर के सामने खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस सनसनीखेज मामले में एक चौंकाने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति जगन्नाथ दीक्षित के शव को घसीट कर घर के बाहर फेंकते दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि फुटेज में दिख रहा व्यक्ति नारायण पटजोशी ही है और यह वही व्यक्ति है जिसने जगन्नाथ दीक्षित की हत्या की है।
दिनदहाड़े हुई हत्या
शहर के बीचों-बीच, दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है, खासकर तब जब स्नान पूर्णिमा जैसा बड़ा पर्व चल रहा था और पूरे शहर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी थी। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि इतनी मुस्तैद सुरक्षा के बावजूद ऐसी वारदात कैसे हुई?











