ओडिशा : दो दलितों को पीटा, बाल काटे, मवेशियों का चारा खाने को मजबूर किया
“घटना का कथित वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक आक्रोश फैल गया। हालांकि हम इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकते है”
ओडिशा 24 / 06 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
ओडिशा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां पर इंसानियत शर्मशार होती दिखाई दी है। ओडिशा के गंजाम जिले में पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि मवेशी तस्कर होने के शक में दो दलितों के बाल काट दिए गए, उन्हें पीटा गया और घुटनों के बल चलने तथा मवेशियों का चारा खाने को मजबूर किया गया। यह घटना रविवार को धाराकोटे पुलिस थाना क्षेत्र के खारीगुम्मा गांव के जाहदा में हुई।
The incident occurred in Singipur under Dharakote Block of Ganjam District of Odisha State, they also snatched Rs. 700 which he had with him and when he tried to report the matter to the police, he was allegedly threatened with death if he lodged a complaint.#DalitLivesMatter pic.twitter.com/6Wk91PI5eI
— The Dalit Voice (@ambedkariteIND) June 23, 2025
मवेशी तस्कर होने के शक में दो दलितों के साथ दुर्व्यव्हार
घटना का कथित वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक आक्रोश फैल गया। हालांकि हम इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकते है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित सिंगीपुर के बाबुला नायक (54) और बुलू नायक (42) दो गायों और एक बछड़े को ऑटो में हरिओर से अपने गांव ले जा रहे थे तभी खारीगुम्मा में गोरक्षकों के एक समूह ने उन्हें पकड़ लिया और उन पर मवेशियों की तस्करी का आरोप लगाया।
दलितों के साथ मारपीट की गई, आधा सिर मुंडवा दिया गया
पुलिस ने बताया कि भीड़ ने कथित तौर पर दोनों से 30,000 रुपये मांगे। जब पीड़ितों ने मना किया तो उनके साथ मारपीट की गई और अपमानजनक व्यवहार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘उन्हें एक सैलून में ले जाया गया और उनका आधा सिर मुंडवा दिया गया।’’
अधिकारी ने बताया, ‘‘इसके बाद उन्हें एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक घुटनों के बल चलने, मवेशियों का चारा खाने और नाली का पानी पीने को मजबूर किया गया।’’ गंजाम के पुलिस अधीक्षक सुवेन्दु कुमार पात्रा ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने इस मामले में कम से कम छह लोगों को हिरासत में लिया है।











