राजमार्गायात्रा ऐप का इस्तेमाल करते हुए हाईवे के टोल प्लाजा शौचालय की तस्वीर खींचता यात्री

NHAI: ‘क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज’ स्कीम 2027 तक बढ़ा

NHAI का शानदार ऑफर: हाईवे पर गंदे शौचालय की फोटो खींचें और पाएं ₹1000 का मुफ्त FASTag रिचार्ज; 2027 तक बढ़ी योजना”

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट

अगर आप भी अक्सर नेशनल हाईवे (National Highways) पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने अपनी बेहद लोकप्रिय और नागरिक-केंद्रित पहल ‘क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज’ (Clean Toilet Picture Challenge) की अवधि को 30 जून 2027 तक के लिए बढ़ा दिया है।

इस पहल के तहत टोल प्लाजा या हाईवे पर गंदे शौचालय की शिकायत करने वाले यात्रियों को 1,000 रुपये का फास्टैग (FASTag) रिचार्ज मुफ्त दिया जाता है।

NHAI के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्वच्छता को बढ़ावा देना और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है।

429 यात्रियों ने जीता इनाम, अब आपकी बारी!

इस अभियान को हाईवे पर सफर करने वालों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 में अब तक गंदे शौचालयों की रिपोर्ट करने वाले लगभग 429 यात्रियों को प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये के फास्टैग रिचार्ज से पुरस्कृत किया जा चुका है।

लोगों की इसी सक्रिय भागीदारी और पुरस्कारों की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए इस चैलेंज को जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है।

कैसे लें भाग और कैसे मिलेगा ₹1000 का इनाम?

NHAI ने इस अनूठी पहल की शुरुआत सितंबर 2025 में की थी। इस चैलेंज में भाग लेना बेहद आसान है:

  1. ऐप डाउनलोड करें: अपने स्मार्टफोन में ‘Rajmargyatra’ (राजमार्गयात्रा) मोबाइल ऐप का नवीनतम संस्करण (Latest Version) डाउनलोड करें।

  2. फोटो खींचें: यदि आपको NHAI के अधिकार क्षेत्र वाले किसी भी टोल प्लाजा या सुविधा केंद्र पर गंदा शौचालय दिखता है, तो उसकी एक स्पष्ट तस्वीर लें।

  3. अपलोड करें: तस्वीर को ऐप पर अपलोड करें। ध्यान रहे कि तस्वीर जियो-टैग (Geo-tagged) और समय-अंकित (Time-stamped) होनी चाहिए।

  4. डिटेल्स भरें: फोटो के साथ अपना नाम, स्थान, वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) और मोबाइल नंबर दर्ज करें।

योजना से जुड़े कुछ जरूरी नियम और शर्तें

  • सीधे खाते में इनाम: आपकी शिकायत सही पाए जाने पर 1,000 रुपये का फास्टैग रिचार्ज सीधे आपके दिए गए वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) वाले फास्टैग अकाउंट में क्रेडिट कर दिया जाएगा।

  • एक गाड़ी पर एक ही इनाम: इस पूरी योजना अवधि (जून 2027) के दौरान प्रत्येक वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) केवल एक बार ही पुरस्कार के लिए पात्र होगी।

  • पहली वैध प्रविष्टि: यदि एक ही दिन में एक ही गंदे शौचालय की कई लोग फोटो भेजते हैं, तो ऐप के माध्यम से प्राप्त केवल ‘पहली वैध प्रविष्टि’ (First Valid Entry) को ही इनाम मिलेगा।

  • यहां नहीं मिलेगा इनाम: यह योजना केवल NHAI द्वारा बनाए गए और संचालित शौचालयों पर लागू है।

  • रिटेल पेट्रोल पंप, निजी ढाबों या अन्य सार्वजनिक सुविधाओं पर स्थित शौचालयों की फोटो इस योजना में शामिल नहीं है।

  • कड़ी जांच: सभी प्रविष्टियों का सत्यापन AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और जरूरत पड़ने पर मैन्युअल तरीके से किया जाता है।

NHAI का कहना है कि इस पहल के जरिए वह न सिर्फ अपनी सेवाओं को बेहतर बना रहा है, बल्कि ‘स्वच्छ भारत’ के सपने को साकार करने में आम नागरिकों की जिम्मेदारी भी तय कर रहा है।

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.